सेंट्रल अमेरिका के देश होंडुरास में गुरुवार (21 मई 2026) को दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे देश को दहला दिया। इन हमलों में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
ट्रूजिलो में मजदूरों पर हमला
सबसे बड़ा हमला ट्रूजिलो इलाके में एक खेत और प्लांटेशन में हुआ, जहां हथियारबंद हमलावरों ने मजदूरों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, यह इलाका लंबे समय से जमीन और प्राकृतिक संसाधनों को लेकर विवादों से प्रभावित रहा है। पर्यावरण और भूमि अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को पहले भी धमकियां मिलने की बात सामने आती रही है।
पुलिस टीम पर भी हमला
दूसरी घटना ग्वाटेमाला सीमा के पास ओमोआ क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया गया। पुलिसकर्मी राजधानी तेगुसिगल्पा से एंटी-गैंग ऑपरेशन के लिए जा रहे थे, तभी उन पर फायरिंग शुरू कर दी गई।
इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
सुरक्षा कड़ी, जांच शुरू
घटनाओं के बाद होंडुरास पुलिस और सेना ने दोनों प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। फॉरेंसिक टीमों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है और हमलावरों की तलाश जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel