राजस्थान के Udaipur में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा के दौरान एक युवक को फर्जी एडमिट कार्ड के साथ पकड़ा गया। आरोपी के पास से तलाशी के दौरान अफीम भी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र फतह सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर Union Public Service Commission (UPSC) की परीक्षा के दौरान क्यूआर कोड वेरिफिकेशन में गड़बड़ी सामने आई, जिससे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पकड़े गए युवक की पहचान जयेश जाट के रूप में हुई है, जो चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उसने परीक्षा का फॉर्म नहीं भरा था और इस बात को अपने परिवार से भी छुपा रखा था।
आरोप है कि उसने मोबाइल ऐप की मदद से असली जैसा दिखने वाला फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया था। वह सुबह की शिफ्ट में परीक्षा देने नहीं पहुंचा, लेकिन दोपहर की पाली में परीक्षा देने की कोशिश के दौरान मुख्य गेट पर ही पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी लेने पर आरोपी के पास से करीब 1 ग्राम अफीम भी बरामद हुई। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सूरजपोल थाना पुलिस को सूचना दी, जिसने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel