उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 45 वर्षीय संत मिलन दास की दिनदहाड़े चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मस्जिद के पास मंदिर निर्माण और लाउडस्पीकर पर भजन बजाने को लेकर चल रहे विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपित सभासद अतीक के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई।
दिनदहाड़े चाकुओं से किया हमला
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार (9 जून) दोपहर संत मिलन दास बांगरमऊ क्षेत्र में स्थित सभासद अतीक के अहाते में बैठे हुए थे। जब वह वहां से उठकर जाने लगे, तभी हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने संत पर कई बार चाकू से वार किए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को भी हथियार दिखाकर डराया गया ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। गंभीर रूप से घायल संत मिलन दास को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंदिर निर्माण और भजन को लेकर था विवाद
परिजनों का आरोप है कि संत मिलन दास मुस्लिम बहुल इलाके में अपनी जमीन पर मंदिर का निर्माण करवा रहे थे। मंदिर के समीप ही एक मस्जिद स्थित है। परिवार का दावा है कि मंदिर निर्माण और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान भजन बजाने को लेकर कुछ लोगों में लंबे समय से नाराजगी थी।
परिजनों के अनुसार, संत मिलन दास पर इससे पहले भी वर्ष 2013 और 2023 में हमले किए जा चुके थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण को लेकर लगातार विरोध और तनाव का माहौल बनाया जा रहा था।
सड़क जाम, भारी पुलिस बल तैनात
हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
8 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर इसराइल, लल्ली, यामीन, शानू, शफी समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्य आरोपित के घर चला बुलडोजर
घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपित सभासद अतीक के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और निर्माण की वैधता की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश, पुराने विवाद और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel