कोलंबिया के केली (Cali) शहर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। 21 वर्षीय गर्भवती महिला मारिया कैमिला पोटोसी का शव नदी किनारे बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनका 8 महीने का अजन्मा बच्चा गायब है, जिसके बाद यह मामला और भी रहस्यमय और गंभीर बन गया है।
16 जुलाई को हुई थीं लापता
रिपोर्ट के अनुसार, मारिया कैमिला 16 जुलाई को अचानक लापता हो गई थीं। परिवार और पुलिस ने कई दिनों तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। करीब चार दिन बाद उनका शव मेलेंडेज नदी के किनारे, ला बुइटरेरा रोड के किलोमीटर-3 क्षेत्र से बरामद किया गया।
कपड़ों और शारीरिक चिन्हों से हुई पहचान
केली पुलिस के आपराधिक जांच विभाग के उप प्रमुख मेजर एलिरियो अकुआ ने बताया कि शव की पहचान कपड़ों और शारीरिक चिन्हों के आधार पर की गई। जांच में पुष्टि हुई कि शव लापता 21 वर्षीय मारिया कैमिला का ही था।
अस्पताल से निकलने के बाद गायब हुईं मारिया
पुलिस के अनुसार, मारिया 16 जुलाई की सुबह दक्षिण केली स्थित लॉस पोल्वोरिनेस हेल्थ सेंटर में नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंची थीं। स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने बताया कि वह सुबह लगभग 9 बजे अकेले अस्पताल आई थीं और अपनी नियमित जांच कराकर बाहर निकली थीं।
CCTV फुटेज में उन्हें अस्पताल के बाहर एक अज्ञात महिला के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। अब पुलिस उस महिला की पहचान करने और उसके संभावित संबंधों की जांच में जुटी है।
शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
बच्चे की तलाश बनी सबसे बड़ी प्राथमिकता
मारिया का शव मिलने के बाद केली के ओम्बड्समैन कार्यालय ने मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की है। अधिकारियों ने कहा है कि गायब बच्चे का पता लगाना फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यदि बच्चा जीवित है, तो उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel