Skip to content
Thursday, November 5, 2026 Ahmedabad 34°C

एशियन गेम्स में 41 साल बाद भारत को घुड़सवारी में गोल्ड मेडल: इस चौकड़ी ने कर दिया कमाल: चीन को पछाड़ा

एशियन गेम्स में 41 साल बाद भारत को घुड़सवारी में गोल्ड मेडल: इस चौकड़ी ने कर दिया कमाल: चीन को पछाड़ा

एशियन गेम्स 2023 (Asian Games) में भारत की घुड़सवारी टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत को घुड़सवारी में 41 साल बाद गोल्ड मेडल मिला है। इस तरह से अब 3 गोल्ड, 4 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत के खाते में कुल 13 मेडल आ चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस जीत के लिए बधाई दी है।

चीन के हांगझोउ में चल रहे 19वें एशियन गेम्स के तीसरे दिन यानी 26 सितंबर को भी भारतीय खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। अब, भारतीय घुड़सवार सुदीप्ति हजेला, दिव्यकीर्ति सिंह, अनुश अग्रवाल और हृदय छेड़ा की चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए घुड़सवारी की टीम इवेंट में मेडल अपने नाम किया है। इससे पहले भारत ने आखिरी बार साल 1982 में घुड़सवारी में गोल्ड मेडल जीता था।

भारतीय घुड़सवारी टीम 209.205 अंकों के साथ टॉप पर रही। वहीं 204.882 अंकों के साथ चीन दूसरे और 204.852 अंकों के साथ हॉन्गकॉन्ग तीसरे स्थान पर रहा। इस तरह से भारत को गोल्ड, चीन को सिल्वर और हॉन्गकॉन्ग को ब्रॉन्ज मेडल मिला। इससे पहले सैलिंग (नौकायन) में नेहा ठाकुर ने सिल्वर और मेंस सैलिंग में इबाद अली ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।

इसके अलावा मेंस स्विमिंग (तैराकी) की 4 गुणा 100 मीटर मेडले रिले टीम नेशनल रिकॉर्ड के साथ फाइनल में पहुँच गई है। इससे भारत के लिए एक और पदक की उम्मीद है। यहाँ से फाइनल जीतने पर भारत को एक और गोल्ड मेडल मिलेगा। वहीं यदि भारतीय टीम दूसरे या तीसरे स्थान पर रहती है तो क्रमशः सिल्वर या ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ेगा।

एशियन गेम्स में भारत ने जीते 13 मेडल

एशियन गेम्स में भारत ने 3 गोल्ड, 4 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज के साथ अब तक 13 मेडल अपने नाम किए हैं। भारत को पहला गोल्ड मेडल 10 मीटर एयर राइफल में मिला था। वहीं दूसरा महिला क्रिकेट में और अब तीसरा घुड़सवारी में मिला है। गेम्स के पहले दिन यानी 24 सितंबर को भारत ने 5 मेडल जीते थे। वहीं दूसरे दिन यानी 25 सितंबर को भी 5 और अब 26 सितंबर को 3 मेडल भारत की झोली में गए हैं।

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.