Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 27°C

पीएम मोदी आज मध्य प्रदेश का करेंगे दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

पीएम मोदी आज मध्य प्रदेश का करेंगे दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज एक बार फिर चुनावी राज्य मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे। वह सतना जिले के चित्रकूट में श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। पीएम मोदी चित्रकूट में रघुबीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वे श्री राम संस्कृत महाविद्यालय का दौरा करेंगे और स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। पीएम मोदी जानकीकुंड चिकित्सालय के नए खंड का उद्घाटन करेंगे।

सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल के शताब्दी जन्म वर्ष समारोह के अवसर पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की स्थापना 1968 में परम पूज्य रणछोड़दासजी महाराज ने की थी। अरविंद भाई मफतलाल रणछोड़दासजी महाराज से प्रेरित थे और उन्होंने ट्रस्ट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अरविंद भाई मफतलाल स्वतंत्रता के बाद के भारत के अग्रणी उद्यमियों में से एक थे, जिन्होंने देश की विकास गाथा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पीएमओ ने कहा कि चित्रकूट की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री तुलसी पीठ भी जाएंगे।

तीन पुस्तकों का करेंगे विमोचन

पीएमओ के अनुसार दोपहर करीब 3:15 बजे प्रधानमंत्री कांच मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे। वह तुलसी पीठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य का आशीर्वाद लेंगे और एक सार्वजनिक समारोह में भाग लेंगे, जहां वह तीन पुस्तकों – ‘अष्टाध्यायी भाष्य’, ‘रामानंदाचार्य चरितम’ और ‘भगवान श्री कृष्ण की राष्ट्रलीला’ का विमोचन करेंगे। तुलसी पीठ चित्रकूट, मध्य प्रदेश में एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक सेवा संस्था है। इसकी स्थापना जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने 1987 में की थी। तुलसी पीठ हिंदू धार्मिक साहित्य के प्रमुख प्रकाशकों में से एक है। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

Filed under Madhya Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.