Skip to content
Tuesday, October 27, 2026

अमेरिका ने सीरिया और इराक में ईरानी ठिकानों पर की भारी बमबारी

अमेरिका ने सीरिया और इराक में ईरानी ठिकानों पर की भारी बमबारी

हाल ही में जॉर्डन स्थित अमेरिकी के कैंप पर हुए ड्रोन हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई थी। अब इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को इराक और सीरिया में ईरानी बलों और तेहरान समर्थित मिलिशिया समूहों के खिलाफ जवाबी हवाई हमले शुरू कर दिए। शुक्रवार को सीरिया में अमेरिकी हवाई हमले में मिलिशिया के छह लड़ाके मारे गए हैं और चार अन्य घायल हो गए।

बाइडन बोले- कोई हमें नुकसान पहुंचाएगा तो चुप नहीं रहेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बयान में कहा कि हमारी प्रतिक्रिया आज शुरू हुई है। यह दुश्मन स्थानों पर जारी रहेगी। बाइडन ने कहा कि कोई अगर हमें नुकसान पहुंचाएगा तो हम चुप नहीं रहेंगे, उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। वहीं इससे अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि उन्होंने सीरिया की सीमा के निकट पूर्वोत्तर जार्डन में किए गए ड्रोन हमलों का जवाब देने का मन बना लिया है।

इससे पहले अमेरिकी बेस केंप में एक ड्रोन हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई थी और 40 से अधिक घायल हो गए थे। अमेरिका ने हमले के लिए ईरान समर्थित आतंकियों को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट में हमलों के लिए समय सीमा का कोई जिक्र नहीं किया गया था।

अमेरिका ने ईरानी मिलिशिया स्थानों पर चार राउंड हवाई हमले किए

सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, अमेरिकी युद्धक विमानों ने सीरियाई-इराकी सीमा के पास अल-बुकामल शहर में अल-हिजाम क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र को भी निशाना बनाया। कुल मिलाकर, युद्धक विमानों ने दीर अल-जौर में ईरानी मिलिशिया स्थानों पर चार राउंड हवाई हमले किए, जिसमें अल-मयादीन पर तीन राउंड और अल-बुकामल पर एक राउंड हवाई हमले किए।

इराक ने अमेरिकी हमलों की निंदा की, बताया संप्रभुता का उल्लंघन

अमेरिका द्वारा इराक और सीरिया में मिलिशिया ठिकानों पर किए गए हमलों की इराक ने निंदा की है। इराकी सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ के प्रवक्ता ने कहा कि ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इराक क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। प्रवक्ता ने इन हमलों को इराकी संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया और कहा कि इसके परिणाम इराक और क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर होंगे।

अमेरिका ने कहा जवाबी कार्रवाई जारी रहेगी

अमेरिका ने कहा कि हमारी जवाबी कार्रवाई आज से शुरू हुई जो हमारे द्वारा चुनी गई जगहों और हमारे चुने समय पर जारी रहेगी।’’ ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ (सेंटकॉम) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार देर रात ढाई बजे) उसकी सेना ने ‘आईआरजीसी कुद्स फोर्स’ और संबद्ध मिलिशिया समूहों के खिलाफ इराक और सीरिया में हवाई हमले किए। अमेरिकी सैन्य बलों ने 85 से अधिक लक्ष्यों पर हमला किया, इस हमले में अमेरिका से भेजे गए लंबी दूरी के बमवर्षक विमानों सहित कई विमान शामिल थे। सेंटकॉम ने बताया कि जिन ठिकानों पर हमला किया गया, उनमें कमान और नियंत्रण संचालन केंद्र, खुफिया केंद्र, रॉकेट एवं मिसाइल और मानव रहित हवाई वाहन भंडारण, मिलिशिया समूहों और उनके आईआरजीसी प्रायोजकों की रसद और गोला-बारूद आपूर्ति श्रृंखला केंद्र शामिल हैं।

Filed under World

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.