Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

सातवें चरण के लिए हिमाचल प्रदेश और पंजाब में पीएम मोदी करेंगे चुनाव प्रचार

सातवें चरण के लिए हिमाचल प्रदेश और पंजाब में पीएम मोदी करेंगे चुनाव प्रचार

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार 23 मई को समाप्त हो गया। इस बीच आखिरी चरण यानि सातवें चरण के प्रचार के लिए सभी पार्टियां जुट गई है। भाजपा के शीर्ष नेता और स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे। वो हिमाचल प्रदेश में जनसभा को संबोधित करने के साथ आज के प्रचार का श्रीगणेश करेंगे। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज के चुनावी कार्यक्रम को एक्स हैंडल पर साझा किया है।

हिमाचल के बाद पंजाब जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी इस बार के आम चुनाव में अपने 400 पार के संकल्प की सिद्धि के लिए देश में धुआंधार प्रचार कर मतदाताओं से आशीर्वाद ले रहे हैं। भाजपा के एक्स हैंडल के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी आज सबसे पहले हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पूर्वाह्न 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वो छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी जाएंगे। वहां दोपहर सवा एक बजे भाजपा की जनसभा को संबोधित कर पंजाब का रुख करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के गुरदासपुर में दोपहर साढ़े तीन बजे और जालंधर में शाम साढ़े पांच बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

हिमाचल में कंगना के लिए रैली करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शुक्रवार) मंडी और नाहन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वे बीजेपी प्रत्याशी कंगना रनौत और सुरेश कश्यप के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में पीएम मोदी की यह तीसरी और नाहन में पहली चुनावी रैली होगी। मोदी 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में पड्डल मैदान में रैली कर चुके हैं।

छठे चरण में 58 सीटों के लिए शनिवार को मतदान

वहीं गुरुवार शाम छठे चरण का प्रचार समाप्त हो गया। इस चरण में 6 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों के लिए शनिवार 25 मई को मतदान होगा। इनमें बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस सीटें, जम्मू-कश्मीर की एक, झारखण्ड की चार, दिल्ली की सभी सात सीटें, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की आठ सीटें हैं। इस चरण में कुल आठ सौ 89 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

Filed under Himachal Pradesh Punjab

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.