Skip to content
Sunday, November 1, 2026 Ahmedabad 33°C

आखिरी 6 ओवरों की कहानी… भारतीय गेंदबाजों ने ऐसे पलटी बाजी, घुटनों पर आया पाकिस्तान

आखिरी 6 ओवरों की कहानी… भारतीय गेंदबाजों ने ऐसे पलटी बाजी, घुटनों पर आया पाकिस्तान

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में रविवार (9 जून) को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा. बारिश से बाधित इस लो-स्कोरिंग मुकाबले को भारतीय टीम ने बेहद रोमांचक अंदाज में 6 रनों से जीत लिया. यह मैच एक समय पूरी तरह पाकिस्तान के चंगुल में नजर आ रहा था. 120 रनों का टारगेट चेज करते समय पाकिस्तान टीम ने शुरुआती 14 ओवरों में मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी. मगर इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने खासकर जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने ऐसा कमाल दिखाया कि पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया.

यह मुकाबला न्यूयॉर्क के नसाऊ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. मुकाबले में पाकिस्तान टीम को जीत के लिए 120 रनों का टारगेट मिला था, मगर वह 7 विकेट गंवाकर 113 रन ही बना सकी. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 8 मैचों में यह 7वीं जीत रही. आइए जानते हैं मैच का टर्निंग पॉइंट क्या रहा और गेंदबाजों ने कैसे पाकिस्तान को समेट दिया…

रिजवान का विकेट रहा असल टर्निंग पॉइंट

दरअसल, बारिश से बाधित इस मैच में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसकी सभी ने सराहना भी की. इसके बाद भारतीय टीम 119 रनों पर सिमट गई. यानी पाकिस्तान को 120 रनों का आसान टारगेट मिला. यहां तक भी पाकिस्तान के पहले गेंदबाजी का फैसला सही दिख रहा था.

पाकिस्तान टीम ने टारगेट चेज करते हुए 14 ओवरों में 3 विकेट पर 80 रन बना लिए थे. यानी पाकिस्तान टीम के 7 विकेट बाकी थे और उसे जीत के लिए 36 गेंदों पर सिर्फ 40 रनों की जरूरत थी. यहां से जीत पाकिस्तान टीम की झोली में नजर आ रही थी. मगर इसके बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 15वां ओवर बुमराह को दिया, जिसने पूरी बाजी ही पलट दी. बुमराह ने इस ओवर में पहली ही बॉल पर 31 रन बनाकर खेल रहे सेट बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को क्लीन बोल्ड कर दिया और पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया. इस विकेट के बाद पाकिस्तान टीम जरा भी संभल नहीं सकी.

फिर अक्षर-पंड्या ने पाकिस्तान पर कसी नकेल

16वां ओवर स्टार स्पिनर अक्षर पटेल ने किया, जिन्होंने सिर्फ 2 रन दिए. यहां से पाकिस्तान पर काफी दबाव बढ़ा. फिर 17वां ओवर हार्दिक पंड्या ने किया और उन्होंने तीसरी ही गेंद पर शादाब खान को शिकार बनाया और पाकिस्तान को पूरी तरह से पस्त कर दिया. पंड्या ने 17वें ओवर में एक विकेट लेकर सिर्फ 5 रन दिए. अब यहां से पाकिस्तान को आखिरी 18 गेंदों यानी 3 ओवर में 30 रनों की जरूरत थी. यहां से 18वां ओवर मोहम्मद सिराज लेकर आए, जिसमें पाकिस्तान ने 9 रन बनाए. यहां से भी मैच पाकिस्तान की गिरफ्त में दिखाई दिया. उन्हें आखिरी 2 ओवर में 21 रनों की जरूरत थी और 5 विकेट बाकी थे.

आखिरी 2 ओवरों में बुमराह-अर्शदीप ने समेटा

19वां ओवर एक बार फिर जसप्रीत बुमराह लेकर आए और उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए. साथ ही सबसे बड़ी सफलता भी हासिल की. बुमराह ने इफ्तिखार अहमद को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया. अब पाकिस्तान को आखिरी ओवर में 18 रनों की जरूरत थी. मगर कप्तान रोहित ने यह आखिरी ओवर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को दिया. जबकि क्रीज पर शाहीन आफरीदी और इमाद वसीम मौजूद थे. ऐसे में अर्शदीप ने पहली ही गेंद पर इमाद को कैच आउट कराया और पाकिस्तान की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी. फिर आफरीदी और नसीम शाह मिलकर ओवर में 11 रन ही बना सके और पाकिस्तान टीम 6 रनों से मैच हार गई.

 

Filed under Cricket India Sports

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.