हफ्ते के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही, जिससे मार्केट का मूड बिगड़ गया। सोमवार, 14 जुलाई को बीएसई सेंसेक्स लगभग 353 अंक यानी 0.43% गिरकर 82,147.18 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 94 अंक यानी 0.37% टूटकर 25,055.60 पर पहुंच गया। ग्लोबल मार्केट्स से मिले कमजोर संकेत, भारत-अमेरिका ट्रेड डील में देरी, कंपनियों के रिजल्ट सीजन की सुस्त शुरुआत और विदेशी निवेशकों (FIIs) की लगातार बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।
बीते शुक्रवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 689 अंक (0.83%) गिरकर 82,500.47 और निफ्टी 205 अंक (0.81%) टूटकर 25,149.85 पर बंद हुआ था। साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स में 932 अंक (1.11%) और निफ्टी में 311 अंक (1.22%) की गिरावट दर्ज की गई।
Nifty in red, Sensex loses 330 pts in opening amid valuation concerns of Indian markets
Read @ANI Story | https://t.co/mlGIktOwyd#Nifty #Sensex #IndianStocks pic.twitter.com/JGRMUTZ8Ss
— ANI Digital (@ani_digital) July 14, 2025
हालांकि, इस गिरावट के बीच अदाणी ग्रुप के कुछ शेयरों ने बाजार को सहारा देने की कोशिश की। खासतौर पर अदाणी पावर और अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 1% से ज्यादा की तेजी रही, जिसने निवेशकों को थोड़ी राहत दी।
ग्लोबल स्तर पर भी दबाव का माहौल बना रहा। वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में कमजोरी की वजह से एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई 0.35% टूटा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.25% की हल्की बढ़त में रहा। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.70% से ज्यादा चढ़ा।
अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कनाडा पर टैरिफ बढ़ाने की नीति से निवेशकों का भरोसा डगमगाया, जिसके चलते शुक्रवार को S\&P 500 में 0.33%, NASDAQ में 0.22% और Dow Jones में 0.63% की गिरावट दर्ज की गई।