उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आए धर्मांतरण केस में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। आगरा पुलिस ने इस रैकेट के मुख्य आरोपी अब्दुल रहमान कुरैशी को दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस को अब्दुल रहमान के पास से धर्मांतरण से जुड़ी कई आपत्तिजनक किताबें मिली हैं, जिनमें “कलीम सिद्दकी मौलाना मोहम्मद आपकी अमानत आपकी सेवा में”, “धर्म परिवर्तन”, “इस्लाम और आतंकवाद”, “Returning Your Trust”, और “ईश्वर और सृष्टि श्रेष्ठ कौन?” जैसी पुस्तकें शामिल हैं। पुलिस ने दिल्ली के जिस ठिकाने से उसे पकड़ा, वहां से एक बालिग लड़की भी मिली है जो नवंबर में हरियाणा के रोहतक से लापता हुई थी। इसकी सूचना रोहतक पुलिस को दे दी गई है।
इस मामले को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा धर्मांतरण रैकेट माना जा रहा है, जिसकी जड़ें छह राज्यों तक फैली हुई हैं। अब तक इस रैकेट से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब्दुल रहमान कुरैशी, जो कि इस गैंग का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, कलीम सिद्दीकी के जेल जाने के बाद रैकेट की कमान संभाल रहा था। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए आगरा ले जाकर हिरासत में लिया है।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विशेष रूप से पढ़ी-लिखी हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के लिए इस्लाम धर्म से संबंधित वीडियो दिखाता था। ये वीडियो भारत और अन्य देशों में हुए धर्मांतरणों पर आधारित होते थे। इस कार्य के लिए एक यूट्यूब चैनल ‘द सुन्नाह’ भी चलाया जा रहा था, जिसे खुद अब्दुल रहमान कुरैशी संचालित करता था।
चौंकाने वाली बात यह है कि 12वीं फेल होने के बावजूद अब्दुल रहमान फर्राटेदार अंग्रेजी बोलता है और उसी भाषा में वीडियो बनाकर अपलोड करता था। उसके चैनल पर 1.69 लाख सब्सक्राइबर्स हैं और करीब 1500 वीडियो अपलोड किए गए हैं, जिनमें हिंदू धर्म को निशाना बनाकर नफरत फैलाने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि इस गैंग ने आगरा के एक जूता कारोबारी की दो पढ़ी-लिखी बहनों को भी अपने जाल में फंसा लिया था। उनका धर्मांतरण कर नाम बदलकर ‘अमीना’ और ‘जोया’ रख दिया गया था। चार महीने के ऑपरेशन के बाद यूपी पुलिस ने दोनों बहनों को बरामद कर लिया और मामले की परतें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं।
अब्दुल रहमान कुरैशी की गिरफ्तारी से यूपी पुलिस को उम्मीद है कि इस रैकेट से जुड़े और भी लोगों की पहचान होगी और धर्मांतरण की इस गहरी साजिश का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सकेगा।