उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से पहले भी भारत के दो उपराष्ट्रपति ऐसे रहे हैं जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा दे दिया था। इन इस्तीफों के पीछे कारण अलग-अलग रहे, और कुछ मामले तो काफी दिलचस्प भी रहे।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने "स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सा सलाह का पालन करने" के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।@VPIndia | #India pic.twitter.com/ORO3jFBzjY
— One India News (@oneindianewscom) July 21, 2025
सबसे पहले वी. वी. गिरि ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने 3 मई 1969 को तत्कालीन राष्ट्रपति जाकिर हुसैन के निधन के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला था। इसके बाद गिरि ने 2 जुलाई 1969 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देकर बतौर स्वतंत्र उम्मीदवार राष्ट्रपति चुनाव लड़ा और वह भारत के राष्ट्रपति चुने गए।

दूसरे उपराष्ट्रपति जिन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा दिया, वे थे भैरों सिंह शेखावत। उन्होंने 21 जुलाई 2007 को, राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल से हारने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति की कुर्सी 21 दिनों तक खाली रही, जिसके बाद मोहम्मद हामिद अंसारी इस पद पर निर्वाचित हुए।
इसके अलावा, आर. वेंकटरमन, शंकर दयाल शर्मा और के. आर. नारायणन ऐसे उपराष्ट्रपति रहे जो बाद में राष्ट्रपति चुने गए और उन्होंने राष्ट्रपति पद ग्रहण करने से पहले उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।
एकमात्र उपराष्ट्रपति जिनका पद पर रहते हुए निधन हुआ, वे कृष्णकांत थे। उनका 27 जुलाई 2002 को निधन हो गया था।