मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर कस्बे में शुक्रवार (5 सितंबर 2025) को अनंत चतुर्दशी की पूर्व संध्या पर भगवान गणेश की परंपरागत सवारी निकाली गई। इस सवारी में ‘लव जिहाद’ पर आधारित एक झाँकी शामिल की गई थी, जिसमें टोपी, दाढ़ी और बुर्का पहने पुतलों का उपयोग किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब यह झाँकी मोती मस्जिद के सामने पहुँची, तो मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए पथराव कर दिया। इससे सवारी में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। बाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर झाँकी में धार्मिक प्रतीकों के उपयोग पर आपत्ति दर्ज कराई।
सवारी के आयोजकों का कहना था कि झाँकी का उद्देश्य युवाओं को लव जिहाद के प्रति जागरूक करना था। लेकिन विवाद बढ़ने पर प्रशासन ने आयोजकों से बातचीत की और झाँकी को हटवा दिया। इसके बाद गणेश सवारी को आगे बढ़ाया गया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल और RAF को तैनात किया गया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही उज्जैन के घोंसला कस्बे में भी ‘लव जिहाद’ की झाँकी को लेकर विवाद हुआ था।
इंदौर और उज्जैन में लव जिहाद के मामले
इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में लव जिहाद से जुड़े कई मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में उज्जैन में नफीस नामक युवक ने एक हिंदू युवती को इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान से फँसाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। युवती की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसी तरह इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में यूसुफ खान नामक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर एक हिंदू युवती से संबंध बनाए, उसका शोषण किया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। उसकी असली पहचान सामने आने पर युवती ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
विधानसभा में पेश आँकड़े
राज्य सरकार ने हाल ही में विधानसभा में लव जिहाद से जुड़े आँकड़े पेश किए थे। जनवरी 2020 से 15 जुलाई 2024 तक प्रदेश में कुल 283 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 73 पीड़िताएँ नाबालिग थीं। इनमें से 86 मामलों में 50 आरोपित बरी हो चुके हैं, केवल 7 में सजा हुई है, जबकि 197 मामले अब भी अदालतों में लंबित हैं।
प्रदेश में सबसे अधिक मामले इंदौर जिले से सामने आए हैं। इंदौर जिले में कुल 74 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 55 मामले सिर्फ नगरीय क्षेत्र के थानों में हैं। इसके अलावा भोपाल में 33, खंडवा और उज्जैन में 12-12 और छतरपुर में 11 मामले दर्ज किए गए।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel