प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर कदम्ब का पौधा रोपित कर एक विशेष संदेश दिया है। यह पौधा उन्हें यूनाइटेड किंगडम के राजा चार्ल्स तृतीय की ओर से उपहार स्वरूप मिला था। किंग चार्ल्स ने पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर यह पौधा भेजा था, जो न केवल दोनों देशों के बीच मित्रता का प्रतीक है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। ब्रिटिश हाई कमीशन ने एक बयान जारी कर बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित है और यह दर्शाती है कि भारत और ब्रिटेन दोनों पर्यावरणीय संरक्षण के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी और किंग चार्ल्स पहले भी पौधों का आदान-प्रदान कर चुके हैं। जुलाई 2024 में पीएम मोदी ने ब्रिटेन की यात्रा के दौरान इंग्लैंड के नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स से मुलाकात की थी। उस समय मोदी ने उन्हें डेविडिया इनवोलुक्रेटा ‘सोनोमा’ नामक पौधा भेंट किया था। यह पौधा ‘सोनोमा डव ट्री’ के नाम से जाना जाता है और इसे एक आकर्षक सजावटी पेड़ माना जाता है। आमतौर पर डेविडिया इनवोलुक्रेटा प्रजाति के पेड़ों में फूल आने में 10 से 20 वर्ष का समय लगता है, लेकिन सोनोमा किस्म की खासियत यह है कि इसे लगाने के महज 2 से 3 वर्षों में ही सुंदर सफेद फूल खिलने लगते हैं।
इस तरह पौधों के आदान-प्रदान ने भारत और ब्रिटेन के रिश्तों को और अधिक व्यक्तिगत और गहन बनाने का कार्य किया है। कदम्ब का पौधा भारतीय संस्कृति में धार्मिक और पौराणिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसे भगवान श्रीकृष्ण से जोड़ा जाता है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इस पौधे को अपने आवास पर रोपित करना न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश है बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं और अंतरराष्ट्रीय मित्रता का अद्भुत संगम भी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel