असम की भाजपा सरकार ने बराक घाटी के श्रीभूमि इलाके में कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। यह मामला वरिष्ठ कॉन्ग्रेस नेता बिधु भूषण दास से जुड़ा है, जिन्होंने सार्वजनिक मंच पर बांग्लादेश का राष्ट्रगान ‘आमार सोनार बांग्ला’ गाया था। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस घटना को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा अस्वीकार्य कृत्य बताया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार (27 अक्टूबर 2025) को करीमगंज (श्रीभूमि) के इंदिरा भवन में हुई। यहाँ कॉन्ग्रेस सेवा दल की कार्यकारिणी की बैठक चल रही थी। इसी दौरान बिधु भूषण दास ने अपने भाषण की शुरुआत ‘आमार सोनार बांग्ला’ गाकर की, जिससे वहाँ मौजूद कार्यकर्ता और अन्य लोग हैरान रह गए।
जब बांग्लादेश के कुछ विशेष लोग यह कह रहे हैं कि पूर्वोत्तर भारत बांग्लादेश का हिस्सा है, तब असम कांग्रेस के नेता अपने कार्यक्रम में बांग्लादेश का राष्ट्रगान गा रहे हैं।
यह कोई संयोग नहीं है, इसकी जाँच होनी चाहिए! pic.twitter.com/CuL8qOMvs5
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) October 29, 2025
इस पर असम के मंत्री कृष्णेंदु पॉल ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि कॉन्ग्रेस को यह तक नहीं पता कि कब और कहाँ कौन-सा गीत गाना चाहिए।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार (29 अक्टूबर 2025) को गुवाहाटी में इस पूरे प्रकरण पर सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की हरकत देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने जैसी है। सीएम ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया है कि कानून के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि असम या देश की एकता और अखंडता के खिलाफ जाने वाले किसी भी कार्य को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel