मस्कट, ओमान:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 से 18 दिसंबर 2025 तक ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। ओमान में भारत के राजदूत गोदावर्थी वेंकट श्रीनिवास ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी ओमान पहुंचेगा। यह फरवरी 2018 के बाद पीएम मोदी की ओमान की दूसरी यात्रा होगी और दिसंबर 2023 में ओमान के सुल्तान की भारत यात्रा के बाद यह दौरा द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
#WATCH | Muscat, Oman: India's Ambassador to Oman, Godavarthi Venkata Srinivas says, "PM Narendra Modi will pay an official visit to Oman from 17th to 18th of December 2025. The PM will be accompanied by a high-level delegation. This will be PM's second visit to Oman, following… pic.twitter.com/ud4LgXVQvV
— ANI (@ANI) December 17, 2025
राजदूत ने कहा कि यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और ओमान अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत-ओमान संबंध समय के साथ एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी में विकसित हो चुके हैं, जिसमें राजनीतिक, आर्थिक और सामरिक सहयोग के कई आयाम शामिल हैं। खाड़ी क्षेत्र में भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक के रूप में ओमान भारतीय विदेश नीति में विशेष स्थान रखता है।
राजदूत के अनुसार, दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश द्विपक्षीय रिश्तों के प्रमुख स्तंभ हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-ओमान द्विपक्षीय व्यापार 10.61 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही दोनों देशों में कई संयुक्त उद्यम सक्रिय हैं, जिन्होंने एक-दूसरे के आर्थिक विकास में अहम योगदान दिया है। द्विपक्षीय सहयोग के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में समुद्री सहयोग और कनेक्टिविटी, ऊर्जा सुरक्षा और हरित ऊर्जा, कृषि एवं खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा एवं सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और संस्कृति शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ओमान के सुल्तान के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा। पीएम मोदी के एक बिजनेस फोरम में भारत और ओमान के उद्योग जगत के नेताओं को संबोधित करने और ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय से संवाद करने की भी संभावना है। इस दौरान कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिनका विवरण उचित समय पर साझा किया जाएगा।
#WATCH | Muscat, Oman | BJP MP Naveen Jindal says," There is a lot of happiness in the people of Oman and the Indian diaspora on the visit of PM Narendra Modi. The people of Oman always get inspired by PM Modi's leadership….CEPA between India and Oman will benefit both nations.… pic.twitter.com/yy9V5hj4Gg
— ANI (@ANI) December 17, 2025
इस बीच, मस्कट में बीजेपी सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर ओमान के लोगों और भारतीय समुदाय में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता से ओमान के लोग भी प्रेरित हैं। नवीन जिंदल ने भारत और ओमान के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) को दोनों देशों के लिए लाभकारी बताया।
उन्होंने कहा कि फिलहाल भारत और ओमान के बीच व्यापार 10 अरब डॉलर से अधिक का है और CEPA लागू होने के बाद आने वाले वर्षों में इसके दोगुना होने की संभावना है। जिंदल ने बताया कि जिंदल ग्रुप ओमान में सबसे बड़ा भारतीय निवेशक है। समूह ने पिछले 15 वर्षों में ओमान में 3 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है, जिसे भविष्य में 7 अरब डॉलर तक ले जाने की योजना है। इसके तहत ओमान में स्टील उत्पादन क्षमता को भी दोगुना किया जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel