कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर सोमवार (22 दिसंबर 2025) को उत्तर प्रदेश विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में सरकार सख्त कार्रवाई करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सदन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “अब तक 77 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कोई भी बच नहीं पाएगा। जब सरकार की कार्रवाई अपने अंतिम स्तर तक पहुंचेगी, तो बहुत सारे लोग फातिहा पढ़ने जाएंगे, लेकिन हम ऐसी कार्रवाई करेंगे कि उन्हें फातिहा पढ़ने लायक भी नहीं छोड़ेंगे।” उनके इस बयान से साफ है कि सरकार इस मामले में पूरी कठोरता के साथ आगे बढ़ने के मूड में है।
जो भी अपराधी होगा, बचने नहीं पाएगा…
आपको फातिहा पढ़ने के लायक भी नहीं छोड़ेंगे, तब तक ऐसी कार्रवाई हम कर देंगे… pic.twitter.com/UZhpP0uWbM
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 22, 2025
सीएम योगी ने आगे जानकारी दी कि मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इस SIT में उत्तर प्रदेश पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में लगातार कार्रवाई जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर माफिया के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार को कार्रवाई करने में कोई संकोच नहीं होगा।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा इस मुद्दे पर जनता को गुमराह करना बंद करे। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में इस मामले से जुड़ी किसी भी मौत का कोई प्रकरण सामने नहीं आया है और इस पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई मौजूदा सरकार ने की है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान ही ऐसे लोगों को लाइसेंस दिए गए, जिनके जरिए अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि 2012 से 2016 के बीच सपा सरकार ने इन अवैध गतिविधियों को संरक्षण दिया, जिसका खामियाजा आज सामने आ रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel