उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एंजेल की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर सघन प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
#WATCH | देहरादून | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात की, जिसमें एंजेल की देहरादून में मौत के बारे में चर्चा हुई।
फोन बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "यह एक बहुत ही दुखद घटना थी। सभी इस बात से बहुत दुखी… pic.twitter.com/w4I8lsKY1m
— One India News (@oneindianewscom) December 29, 2025
मुख्यमंत्री ने तरुण चकमा से कहा कि वह इस घटना से व्यक्तिगत रूप से बेहद दुखी हैं और इस कठिन समय में परिवार के दर्द को पूरी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में कभी भी इस तरह का वातावरण नहीं रहा है। यहां देश और विदेश से छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं, इसलिए यह घटना न सिर्फ पीड़ित परिवार बल्कि पूरे राज्य के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना के बाद उनकी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
अंत में मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी बात कर परिवार की सहायता के लिए समन्वय करेंगे और उत्तराखंड सरकार की ओर से भी सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel