नए साल की शुरुआत के साथ ही भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। BSNL ने देशभर के सभी टेलीकॉम सर्किल में Wi-Fi Calling (Voice over WiFi – VoWiFi) सेवा की शुरुआत कर दी है। इस सुविधा के तहत अब ऐसे इलाकों में भी कॉल करना और रिसीव करना संभव होगा, जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर या बिल्कुल नहीं मिलता। यूज़र किसी भी स्थिर Wi-Fi नेटवर्क के सहारे बिना रुकावट बातचीत कर सकेंगे।
Wi-Fi Calling का सबसे बड़ा फायदा उन क्षेत्रों में मिलेगा, जहां नेटवर्क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। खासतौर पर ग्रामीण, पहाड़ी और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले BSNL उपभोक्ताओं के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी। अगर घर या ऑफिस में BSNL भारत फाइबर या किसी अन्य ब्रॉडबैंड का Wi-Fi कनेक्शन उपलब्ध है, तो मोबाइल सिग्नल की चिंता किए बिना आसानी से कॉल की जा सकेगी।
इस सेवा की खास बात यह है कि इसके लिए किसी भी थर्ड-पार्टी ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। Wi-Fi Calling सीधे मोबाइल के डिफॉल्ट डायलर से काम करती है और कॉल उसी मोबाइल नंबर से की जाती है। कॉल के दौरान अगर Wi-Fi कमजोर हो जाए या मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध हो जाए, तो सिस्टम अपने आप दोनों के बीच स्विच कर लेता है, जिससे बातचीत बीच में कटती नहीं है।
BSNL ने स्पष्ट किया है कि Wi-Fi Calling के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। Wi-Fi के जरिए की गई कॉल्स को सामान्य वॉयस कॉल की तरह ही बिल किया जाएगा। यानी ग्राहक अपने मौजूदा टैरिफ प्लान के अनुसार ही कॉल कर सकेंगे और उन्हें किसी तरह का अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।
यह सुविधा अधिकतर नए और आधुनिक स्मार्टफोन्स में उपलब्ध है। यूज़र्स को सिर्फ अपने मोबाइल की सेटिंग में जाकर Wi-Fi Calling ऑप्शन को ऑन करना होगा। अगर किसी डिवाइस को लेकर कोई शंका हो, तो BSNL ने ग्राहकों को नजदीकी सर्विस सेंटर या हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी है।
देशभर में Wi-Fi Calling की शुरुआत को BSNL के नेटवर्क अपग्रेड और आधुनिकीकरण अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इसका उद्देश्य उन इलाकों में भी बेहतर कनेक्टिविटी देना है, जहां मोबाइल नेटवर्क अब तक बड़ी चुनौती रहा है। इस कदम से न सिर्फ ग्राहकों को बेहतर सेवा मिलेगी, बल्कि मोबाइल नेटवर्क पर बढ़ता दबाव कम होने की भी उम्मीद है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel