महाराष्ट्र की उप-राजधानी नागपुर में आयोजित ‘एडवांटेज विदर्भ 2026’ कार्यक्रम के मंच से अदाणी समूह ने विदर्भ क्षेत्र में 70,000 करोड़ रुपये के बड़े निवेश का ऐलान किया है। इस निवेश से आने वाले वर्षों में करीब 30,000 प्रत्यक्ष नौकरियों के सृजन का अनुमान है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक जीत अदाणी ने मंच से यह घोषणा करते हुए कहा कि समूह ऊर्जा सुरक्षा, उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियों और सामुदायिक विकास के लिए ‘Generational Investment’ कर रहा है।
नागपुर में बनेगा इंटीग्रेटेड कोल गैसीफिकेशन कॉम्प्लेक्स
कार्यक्रम के दौरान जीत अदाणी ने बताया कि नागपुर के कलमेश्वर (लिंगा) में इंटीग्रेटेड कोल गैसीफिकेशन और डाउनस्ट्रीम डेरिवेटिव्स कॉम्प्लेक्स स्थापित किया जाएगा। यह परियोजना नागपुर को क्लीन-एनर्जी टेक्नोलॉजी के वैश्विक नक्शे पर लाने के साथ-साथ भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समावेशी विकास विजन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कनेक्टिविटी योजनाओं और महाराष्ट्र के नेतृत्व द्वारा क्षेत्रीय संतुलन के प्रयासों की सराहना भी की।
ऊर्जा और बिजली क्षेत्र में मजबूत मौजूदगी
अदाणी समूह महाराष्ट्र की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए पहले से कई बड़े प्रोजेक्ट चला रहा है। तिरोड़ा में 3,300 मेगावाट का सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट संचालित किया जा रहा है, जबकि नागपुर के पास बुटीबोरी में 600 मेगावाट का पावर प्लांट दोबारा शुरू किया गया है। वर्तमान में समूह राज्य को कुल 6,600 मेगावाट बिजली की आपूर्ति कर रहा है, जिसे औद्योगिक और डिजिटल अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जा रहा है।
#WATCH | Nagpur | Union Minister Nitin Gadkari, Maharashtra CM Devendra Fadnavis and Jeet Adani, Director of Adani Defence and Aerospace, attend the inauguration ceremony of Khasdar Industrial festival pic.twitter.com/thAB4KKRqI
— ANI (@ANI) February 6, 2026
विदर्भ को ‘लॉजिस्टिक्स गेटवे’ बनाने की योजना
विदर्भ को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने के लिए अदाणी समूह कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है। MIHAN MRO हब में ‘इंडामर टेक्निक्स’ के अधिग्रहण के बाद 30 एकड़ का अंतरराष्ट्रीय स्तर का रखरखाव और मरम्मत केंद्र विकसित किया जा रहा है। वहीं 75 एकड़ में फैला बोरखेड़ी ICD माल ढुलाई लागत कम करने और निर्यात को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। महाराष्ट्र के 24 बॉर्डर चेक पोस्ट के अधिग्रहण से व्यापारिक गतिविधियों में भी सुगमता आई है।
पर्यावरण और सामुदायिक विकास पर जोर
जीत अदाणी ने गोंडखैरी में समूह की अंडरग्राउंड माइनिंग परियोजना को ‘गोल्ड स्टैंडर्ड’ बताते हुए कहा कि यहां बिना विस्थापन और बिना ब्लास्टिंग के तकनीक आधारित खनन किया जा रहा है। अदाणी समूह ने 2030 तक 10 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें विदर्भ की अहम भूमिका होगी। अदाणी फाउंडेशन गोंदिया और नागपुर में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छ पेयजल और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम भी चला रहा है।
विदर्भ के लिए दीर्घकालिक साझेदारी का वादा
अपनी स्पीच के अंत में जीत अदाणी ने कहा कि अदाणी समूह विदर्भ में केवल निवेशक नहीं बल्कि दीर्घकालिक भागीदार बनकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि विदर्भ मजबूत, अद्वितीय और संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र है, जो भविष्य में नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel