बांग्लादेश में आम चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतगणना की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इस बार चुनाव बैलट पेपर के जरिए कराए गए हैं और पूरे देश में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।
300 सीटों पर 1,981 उम्मीदवार मैदान में
चुनाव आयोग के अनुसार, बांग्लादेश की 300 संसदीय सीटों के लिए कुल 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं। करीब 60 रजिस्टर्ड राजनीतिक दल चुनावी मुकाबले में शामिल हुए हैं। इस बार मुख्य मुकाबला जमात-ए-इस्लामी और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के बीच माना जा रहा है।
संसद की संरचना और चुनाव प्रणाली
बांग्लादेश की संसद में कुल 350 सदस्य होते हैं, जिनमें से 300 सदस्य सीधे जनता द्वारा चुने जाते हैं, जबकि 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। यहां फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट सिस्टम लागू है और संसद का कार्यकाल 5 साल का होता है।
42 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन, कड़ी निगरानी
चुनाव आयोग ने मतदान के लिए देशभर में 42,659 पोलिंग स्टेशन बनाए थे। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए लगभग 45 हजार ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं, जो मतगणना प्रक्रिया पर भी नजर रखेंगे। मतदान से लेकर काउंटिंग तक व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 5 लाख चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया।
अवामी लीग की गैरमौजूदगी में अहम चुनाव
यह चुनाव खास इसलिए भी है क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेने पर रोक लगी हुई है। ऐसे में यह चुनाव देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नतीजों पर रहेगी सभी की नजर
मतगणना शुरू होते ही शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे और देश-विदेश की नजरें इन चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। ताजा अपडेट्स के लिए चुनाव आयोग और आधिकारिक स्रोतों से जानकारी जारी की जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel