उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में नाबालिग छात्रा को इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने और उसका पीछा करने के आरोप में पुलिस ने एक छात्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सेहरिया चौराहा स्थित KGN पब्लिक स्कूल का मैनेजर वारिस खान भी शामिल है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज और पीछा करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9 में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने आरोप लगाया कि कक्षा 12 का एक छात्र उसे लगातार परेशान कर रहा था और इंस्टाग्राम पर अश्लील संदेश भेजता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चैट में छात्रा ने आरोपी को बार-बार परेशान न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
प्रकरण के संबंध में थाना कौड़ियां पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। नामजद आरोपी अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। pic.twitter.com/OtTfSszgoT
— Gonda Police (@gondapolice) February 15, 2026
शिकायत करने गए भाई के साथ मारपीट
पीड़िता के पिता के अनुसार, जब छात्रा का भाई शिकायत लेकर स्कूल पहुंचा तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट की और धमकी दी। शिकायत में कई अन्य लोगों और 10 से 15 अज्ञात आरोपितों के शामिल होने की बात कही गई है।
पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में FIR
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 11 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी तेज प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस ने स्कूल पहुंचकर जांच की और स्कूल मैनेजर वारिस खान, छात्र परवेज खान, सलाहुद्दीन हाफिज और इसराइल को हिरासत में लिया। आरोपी छात्र का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

स्कूल पर भी गंभीर आरोप, जांच जारी
पीड़िता के पिता ने स्कूल की मान्यता को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि यह संस्थान बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाहरी लोगों को बुलाकर छात्रों को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोप जांच के दायरे में हैं और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel