इंस्टाग्राम और फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा (Meta) के मालिक मार्क जुकरबर्ग को अमेरिका के लॉस एंजिल्स अदालत में पूछताछ के लिए बुलाया गया। यह सुनवाई ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि इसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सुनवाई में यह जांच की जा रही है कि क्या मेटा के प्लेटफॉर्म जानबूझकर बच्चों और किशोरों को नशे की लत लगाते हैं और उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाते हैं। जुकरबर्ग ने दावा किया कि कंपनी ने कम उम्र के यूजर्स की पहचान में सुधार किया है, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि इस प्रक्रिया को और तेज़ किया जा सकता है।
मुख्य मुद्दे और कोर्ट में बहस:
- जुकरबर्ग ने कहा कि कुछ यूजर्स इंस्टाग्राम पर अकाउंट खोलते समय अपनी उम्र के बारे में झूठ बोलते हैं।
- वादी के वकीलों ने सवाल किया कि क्या कंपनी सच में उम्मीद करती है कि नौ साल का बच्चा Terms & Conditions पढ़ेगा।
- जुकरबर्ग ने कहा कि एज वेरिफिकेशन (Age Verification) को लेकर प्रक्रिया जटिल नहीं है और नए उपकरण समय के साथ जोड़े जा रहे हैं।
मुकदमे की पृष्ठभूमि:
मुकदमा कैलिफ़ोर्निया की 20 वर्षीय कैली जी.एम. द्वारा दायर किया गया है, जिन्होंने छह साल की उम्र में YouTube, नौ साल की उम्र में इंस्टाग्राम, और बाद में TikTok और Snapchat का इस्तेमाल शुरू किया। कैली अब मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रही हैं। यह सुनवाई अमेरिकी परिवारों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के खिलाफ दायर किए गए हजारों मुकदमों में पहला महत्वपूर्ण केस बन सकती है।
कोर्ट में पेश दस्तावेज़ और आंकड़े:
एक आंतरिक दस्तावेज़ में बताया गया कि 2015 में इंस्टाग्राम पर 13 वर्ष से कम उम्र के लगभग 40 लाख यूजर्स थे। अमेरिका में 10 से 12 साल के बच्चों का 30 प्रतिशत हिस्सा इंस्टाग्राम इस्तेमाल कर रहा था।
जुकरबर्ग का कोर्ट में रुख:
सुनवाई के दौरान जुकरबर्ग शुरू में कम बोल रहे थे, लेकिन बाद में उत्तेजित दिखाई दिए। उन्होंने जूरी को भरोसा दिलाया कि कंपनी बच्चों की सुरक्षा के लिए नए टूल और सुधार समय-समय पर लागू कर रही है।
इस सुनवाई के परिणाम से यह तय होगा कि क्या मेटा और Google ने जानबूझकर बच्चों के बीच प्लेटफार्मों का इस्तेमाल बढ़ाया और उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel