जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सोमवार को खौर थाना क्षेत्र के गुनारा गाँव के पास दो संदिग्ध गुब्बारे फँसे मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों गुब्बारों को कब्जे में ले लिया।
गुब्बारों में मिला विदेशी मुद्रा और QR कोड
जाँच में पाया गया कि एक गुब्बारे में पाकिस्तान का 5000 रुपये का नोट बँधा था, जबकि दूसरे में अमेरिकी डॉलर का नोट लगा था। दोनों गुब्बारों पर पाकिस्तानी मोबाइल नंबर और QR कोड भी छपा हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि ये गुब्बारे पाकिस्तान की ओर से भेजे गए और हवा के साथ भारतीय क्षेत्र में गिर गए।
Two balloons with US and Pakistani currencies attached to them were found near the Line of Control (LoC) in the Akhnoor sector. Investigations are underway to determine whether the currency is fake or not. More details awaited: Jammu and Kashmir Police
— ANI (@ANI) February 23, 2026
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियाँ मोबाइल नंबर और QR कोड की जाँच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और इसका मकसद क्या है।
सुरक्षा बढ़ाई गई
अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में पहले भी पाकिस्तान की ओर से गुब्बारे आने की घटनाएँ हुई हैं, लेकिन इस बार विदेशी मुद्रा और QR कोड के मिलने से मामला गंभीर माना जा रहा है। आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लगातार गश्त जारी है।
एक दिन पहले ही जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के छात्रु के जंगलों में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर सैफुल्लाह बलोच और उसके दो साथियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। इससे उसके सात सदस्यीय दल का सफाया हुआ।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel