अडानी पावर बनाएगा बिहार में 2400 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट, ₹25,000 करोड़ का होगा निवेश
अडानी पावर लिमिटेड बिहार के भागलपुर में ₹25,000 करोड़ की लागत से 2400 मेगावाट क्षमता वाला अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) ने अडानी को लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) सौंपा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अडानी पावर ने सबसे कम ₹6.075 प्रति यूनिट की दर पर बोली लगाकर यह प्रोजेक्ट हासिल किया है। यह पावर प्लांट DBFOO (डिजाइन, निर्माण, वित्त, स्वामित्व और प्रचालन) मॉडल पर बनेगा और इसमें SHAKTI नीति के अंतर्गत निम्न-उत्सर्जन तकनीक और कोयला लिंकेज का उपयोग किया जाएगा।
इस प्लांट का निर्माण तीन चरणों में होगा, प्रत्येक चरण की क्षमता 800 मेगावाट होगी। पहले चरण का निर्माण 48 महीनों में पूरा होगा और 60 महीनों के भीतर पूरी परियोजना शुरू हो जाएगी। इसके माध्यम से बिहार में लगभग 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
अडानी पावर के CEO एस.बी. ख्यालिया ने कहा कि यह प्लांट न केवल पर्यावरण के अनुकूल होगा, बल्कि बिहार को सस्ती और स्थायी बिजली उपलब्ध कराकर राज्य में औद्योगिक विकास को गति देगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे