बिहार के भागलपुर जिले में सरकारी अधिकारी की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी रामधनी यादव को एनकाउंटर में मार गिराया है। यह घटना सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए सनसनीखेज शूटआउट के बाद सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक गोली सीधे आरोपी के सीने में लगी। उसे तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल राजकुमार को पहले मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में कुल 5 अपराधी शामिल थे। इनमें से तीन हमलावर कार्यालय के अंदर घुसे थे, जबकि दो बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर खुलेआम हथियार लहरा रहे थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel