बिहार की राजनीति इस वक्त गरमाई हुई है। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के खिलाफ इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं द्वारा अपशब्द कहे जाने के बाद एनडीए ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी मुद्दे को लेकर एनडीए गठबंधन के तमाम दलों की महिला मोर्चा ने बिहार बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर पूरे राज्य में देखने को मिला। भाजपा, जेडीयू और सहयोगी दलों की महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और जगह-जगह पर यातायात पूरी तरह से ठप कर दिया।
दुकानों को भी बंद करवाया गया। कई जगहों पर जो दुकानें खुली मिलीं, उन्हें कार्यकर्ताओं ने बंद कराया। आंदोलन के बीच लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद ने अपनी संस्कृति का प्रदर्शन किया है, जो कहीं से भी उचित नहीं है। चिराग पासवान ने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने जिस तरह से उम्र में बड़े प्रधानमंत्री को अपमानजनक तरीके से संबोधित किया, वह भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक न तो कांग्रेस और राजद ने माफी मांगी है और न ही उनके कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रधानमंत्री की स्वर्गीय मां के अपमान पर कोई प्रतिक्रिया दी है।
बिहार में PM मोदी की 'मां के अपमान पर मचा घमासान, चिराग पासवान ने कांग्रेस और RJD पर उठाए सवाल @news24tvchannel @iChiragPaswan #BiharElections2025 pic.twitter.com/Enjba9XDpv
— Deepti Sharma (@DeeptiShar24006) September 4, 2025
एनडीए की महिला मोर्चा ने मोर्चा संभाल लिया। “मां का अपमान नहीं सहेंगे” जैसे नारों के साथ महिला कार्यकर्ता पटना के डाकबंगला चौराहे सहित कई स्थानों पर सड़क पर उतर आईं। उन्होंने वाहनों को रोककर विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला मोर्चा की स्पष्ट मांग है कि जब तक कांग्रेस और राजद के शीर्ष नेता सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel