राजधानी Delhi के पहाड़गंज इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां LPG सिलेंडर बुकिंग में बड़े घोटाले की आशंका जताई जा रही है। उपभोक्ताओं के नाम पर बिना जानकारी के सिलेंडर बुक किए जा रहे हैं, जिससे उनका सालाना कोटा समय से पहले ही खत्म हो रहा है।
पीड़ित उपभोक्ता रंजीत डोगरा ने जब Indian Oil Corporation का मोबाइल ऐप चेक किया, तो वे हैरान रह गए। उनकी बुकिंग हिस्ट्री में पूरे 12 सिलेंडर दर्ज थे, जबकि उनके घर केवल 6 सिलेंडर ही पहुंचे थे।
बुकिंग एक, रिकॉर्ड में दो
रंजीत डोगरा के अनुसार, उन्होंने अक्टूबर और नवंबर में सिर्फ एक-एक सिलेंडर बुक किया था, लेकिन ऐप में हर महीने दो-दो बुकिंग दिखाई गईं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना OTP (वन टाइम पासवर्ड) के ये फर्जी बुकिंग कैसे हो गईं? और रिकॉर्ड में दर्ज दूसरा सिलेंडर आखिर गया कहां?
ब्लैक मार्केटिंग का शक
पीड़ित का आरोप है कि यह सीधा-सीधा फ्रॉड है। आशंका जताई जा रही है कि गैस एजेंसी के कर्मचारी या डिलीवरी बॉय मिलकर उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी बुकिंग करते हैं और सिलेंडर को ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बेच देते हैं।
गैस कंपनियों के नियम के अनुसार, एक उपभोक्ता को साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलते हैं, लेकिन इस तरह के घोटाले से ईमानदार ग्राहकों का कोटा पहले ही खत्म हो रहा है।
पुलिस जांच शुरू
रंजीत डोगरा ने मामले की शिकायत पहाड़गंज थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बुकिंग के दौरान OTP और डिलीवरी कन्फर्मेशन कैसे मैनेज किया गया।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस पूरे मामले में गैस एजेंसी के कर्मचारी या कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है।
उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी
यह मामला सामने आने के बाद उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे समय-समय पर अपनी LPG बुकिंग हिस्ट्री जरूर चेक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel