केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीज़ल और LPG की कमी की खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और करीब 60 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
मंत्रालय के अनुसार, देशभर के सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी फ्यूल की राशनिंग नहीं की जा रही है। सरकार ने कहा कि कमी की खबरें जानबूझकर फैलाई गईं, ताकि लोगों में पैनिक बाइंग बढ़े।
फुल कैपेसिटी पर चल रहीं रिफाइनरियां
मंत्रालय ने बताया कि भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर है और सभी रिफाइनरियां 100% से ज्यादा क्षमता पर काम कर रही हैं। देश की फ्यूल सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है और भारत 150 से ज्यादा देशों को पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात भी करता है।
74 दिन की कुल स्टोरेज क्षमता
सरकार के मुताबिक, भारत के पास क्रूड ऑयल और पेट्रोलियम उत्पादों की कुल स्टोरेज क्षमता 74 दिनों की है, जिसमें से फिलहाल 60 दिनों का स्टॉक उपलब्ध है। इसमें क्रूड ऑयल, तैयार उत्पाद और स्ट्रैटेजिक रिजर्व शामिल हैं।
वेस्ट एशिया में जारी तनाव के बावजूद भारत के पास दो महीने तक स्थिर सप्लाई बनाए रखने की क्षमता है।
LPG प्रोडक्शन में 40% बढ़ोतरी
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में कुकिंग गैस (LPG) की कोई कमी नहीं है। घरेलू रिफाइनरियों ने उत्पादन बढ़ाकर 50 TMT प्रतिदिन कर दिया है, जो पहले के मुकाबले 40% अधिक है। इससे आयात की जरूरत भी कम हो गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel