सोमवार यानी 15 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ हुई, लेकिन जल्द ही यह शुरुआती बढ़त गंवा दी गई। सेंसेक्स सुबह 25.88 अंक चढ़कर 81,930.58 पर और निफ्टी 3.80 अंक ऊपर 25,117.80 पर खुला था। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही बाजार में गिरावट देखी गई। सुबह 9:22 बजे सेंसेक्स 50.68 अंक टूटकर 81,854.02 पर और निफ्टी 18.90 अंक फिसलकर 25,095.10 पर कारोबार कर रहा था।
आज के कारोबार में अदाणी ग्रुप के कई शेयरों में मजबूती देखने को मिली। अदाणी पावर और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 1% से ज्यादा की तेजी आई, वहीं अदाणी पोर्ट्स और अदाणी ग्रीन में भी अच्छी तेजी देखी गई।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का रुझान रहा। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 205.30 अंक या 0.35% की बढ़त के साथ 58,444.60 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 118.30 अंक या 0.66% की मजबूती के साथ 18,108.20 पर पहुंच गया।
सेक्टोरल आधार पर निफ्टी ऑटो 0.47% और निफ्टी रियल्टी 1.01% ऊपर थे। इसके अलावा निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी मेटल, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी इंफ्रा और निफ्टी कमोडिटी भी हरे निशान में थे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
सेंसेक्स पर लिस्टेड शेयरों में बजाज फाइनेंस, इटरनल (जोमैटो), टाटा मोटर्स, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, बीईएल, मारुति सुजुकी, एसबीआई, भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक टॉप गेनर्स में शामिल रहे। वहीं, इन्फोसिस, सन फार्मा, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एमएंडएम, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट टॉप लूजर्स रहे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel