कई दिनों की गिरावट के बाद सोमवार, 29 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ हफ्ते की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 175 अंक चढ़कर 80,601.92 पर और निफ्टी 55 अंक बढ़कर 24,710.65 पर पहुंच गया। निफ्टी ने एक बार फिर 24,700 का स्तर हासिल कर लिया। सुबह करीब 9:58 बजे सेंसेक्स 330.65 अंक (0.41%) की बढ़त के साथ 80,757.11 पर और निफ्टी 107 अंक (0.43%) की तेजी के साथ 24,761.70 पर ट्रेड कर रहा था। अमेरिकी बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत और एशियाई बाजारों के मिले-जुले रुझानों का असर भारतीय बाजार की ओपनिंग पर साफ देखने को मिला।
पिछले हफ्ते बाजार में लगातार भारी गिरावट देखने को मिली थी। शुक्रवार, 27 सितंबर को कारोबार के अंत में सेंसेक्स 733 अंक गिरकर 80,426.46 पर और निफ्टी 236 अंक टूटकर 24,654.70 पर बंद हुआ। पूरे हफ्ते बिकवाली का दबाव रहा, जिसके चलते निफ्टी 672 अंक यानी 2.65% और सेंसेक्स 2,199 अंक यानी 2.66% लुढ़क गया। इस गिरावट के दौरान देश की टॉप 10 कंपनियों का मार्केट कैप 2.99 लाख करोड़ रुपये तक घट गया।
इस हफ्ते बाजार की दिशा कई अहम फैक्टर्स पर निर्भर करेगी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक, भारत-अमेरिका ट्रेड डील और विदेशी निवेशकों (FII) का निवेश डेटा निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे।
RBI की MPC बैठक 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होगी, जिसमें ब्याज दरों की समीक्षा की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार रिजर्व बैंक रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर सकता है। फिलहाल रेपो रेट 5.5% है। पिछली बैठक में RBI ने दरों को यथावत रखा था, लेकिन फरवरी 2025 से अब तक लगभग 1% की कटौती की जा चुकी है। अगर इस बार भी दरों में कमी होती है, तो इसका सीधा असर लोन और EMI पर पड़ेगा और शेयर बाजार को भी इससे सहारा मिल सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel