छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार (29 जनवरी 2026) की सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली मारे गए। पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ जिले के दक्षिणी हिस्से में पामेड़ क्षेत्र के कवरगुट्टा गाँव के पास जंगल में सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई।
अधिकारियों को इलाके की पहाड़ियों में माओवादियों की पामेड़ एरिया कमेटी के हथियारबंद कैडर की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर बुधवार (28 जनवरी 2026) की शाम सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया, जो अगली सुबह मुठभेड़ में तब्दील हो गया।
गोलीबारी थमने के बाद सुरक्षा बलों ने प्रदीप उर्फ जोगा और भीमा वेको के शव बरामद किए। इनमें प्रदीप पर 5 लाख रुपये और भीमा वेको पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नक्सली कई हिंसक घटनाओं और आम नागरिकों की हत्याओं में शामिल रहे थे।
इस सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और राज्य में डबल इंजन सरकार के सुशासन के कारण बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel