भारत की राजनीति में एक बार फिर ‘मोदी फैक्टर’ और NDA की मजबूती को लेकर चर्चाएँ तेज हो गई हैं। इंडिया टुडे–सी वोटर के ताज़ा ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे के अनुसार, यदि जनवरी 2026 में लोकसभा चुनाव कराए जाएँ, तो भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बड़े बहुमत के साथ सत्ता में लौट सकता है। इसके उलट, कांग्रेस के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन इस सर्वे में पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है।
सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि NDA को 350 से अधिक सीटें मिल सकती हैं। यह सर्वे 8 दिसंबर 2025 से 21 जनवरी 2026 के बीच किया गया, जिसमें देशभर के 36,265 लोगों को शामिल किया गया। इसमें हर आयु वर्ग, जाति, धर्म और लिंग के लोगों की राय ली गई है। साथ ही, सर्वे में करीब 5 प्रतिशत तक मार्जिन ऑफ एरर की संभावना भी बताई गई है।
MOTN सर्वे के मुताबिक, यदि आज लोकसभा चुनाव हों तो NDA को कुल 352 सीटें मिलने का अनुमान है। यह आँकड़ा 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA को मिली 293 सीटों की तुलना में काफी अधिक है। सर्वे यह भी दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी अकेले 287 सीटें जीत सकती है, यानी पार्टी अपने दम पर बहुमत का आँकड़ा पार करने की स्थिति में दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि अगस्त 2025 में हुए सर्वे में बीजेपी को 260 सीटें मिलने का अनुमान था, जो अब बढ़कर 287 हो गया है। वहीं, कांग्रेस को इस बार केवल 80 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जो 2024 में मिली 99 सीटों से कम है। इसके अलावा, अन्य दलों के खाते में कुल 176 सीटें जाने का अनुमान लगाया गया है।
वोट शेयर के मामले में भी NDA को बढ़त मिलती दिख रही है। सर्वे के अनुसार, यदि आज चुनाव हों तो NDA को लगभग 47 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है, जबकि INDIA गठबंधन को 39 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। वहीं, अन्य दलों के हिस्से में करीब 14 प्रतिशत वोट जा सकते हैं।
तुलना करें तो 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA को लगभग 43–44 प्रतिशत वोट शेयर मिला था, जबकि INDIA गठबंधन को करीब 40 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे। वहीं, अगस्त 2025 के सर्वे में NDA को 47 प्रतिशत और INDIA गठबंधन को 41 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान था। ताज़ा सर्वे में INDIA गठबंधन के वोट शेयर में गिरावट दर्ज की गई है।
प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल में भी नरेंद्र मोदी सबसे आगे रहे। सर्वे में 55 प्रतिशत लोगों ने नरेंद्र मोदी को अगला प्रधानमंत्री बनने के लिए सबसे उपयुक्त बताया। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 52 प्रतिशत था, जिससे उनकी लोकप्रियता में हल्का इजाफा देखने को मिला है। हालांकि, पीएम मोदी की अप्रूवल रेटिंग 57 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो अगस्त 2025 में 58 प्रतिशत थी।
इसके अलावा, जब लोगों से पूछा गया कि देश का अब तक का सबसे बेहतर प्रधानमंत्री कौन रहा है, तो 50 प्रतिशत लोगों ने नरेंद्र मोदी का नाम लिया। वहीं, 12 प्रतिशत लोगों ने इंदिरा गांधी और 12 प्रतिशत ने अटल बिहारी वाजपेयी को भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री बताया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel