भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया, लेकिन इस जीत का जश्न अधूरा रह गया। वजह यह रही कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने साथ ले गए। नतीजतन, टीम इंडिया को बिना ट्रॉफी उठाए ही भारत लौटना पड़ा।
भारत पहुंचने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि घर आकर अच्छा लग रहा है क्योंकि बाहर रहकर यह अंदाज़ा नहीं हो पा रहा था कि भारत में लोग कितने खुश हैं। यहां आकर लोगों का उत्साह देखकर बेहद अच्छा लगा। सूर्या ने कहा कि टीम इंडिया खेलती ही इसलिए है ताकि देशवासियों को खुशी मिले और इस जीत ने पूरे देश को जश्न का मौका दिया।
ट्रॉफी विवाद पर बोलते हुए सूर्या ने बताया कि खिलाड़ी मैदान पर करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार कर रहे थे कि कब ट्रॉफी सेरेमनी शुरू होगी। आमतौर पर मैच जीतने के बाद यही परंपरा होती है। लेकिन इस बार टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई और सभी खिलाड़ी सीधे मैदान पर ही खड़े रह गए। सूर्या ने कहा कि असली ट्रॉफी हमारे खिलाड़ी और ग्राउंड स्टाफ हैं, क्योंकि उन्हीं की मेहनत से यह खिताब भारत के नाम हुआ।
भारतीय कप्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन के लिए आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि अगर पीएम देश के खिलाड़ियों के पीछे खड़े हैं, तो टीम खुलकर खेलती है और बेहतर प्रदर्शन करती है। साथ ही सूर्या ने अभिषेक शर्मा, कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को इस टूर्नामेंट का हीरो बताया। उनके अनुसार, बल्लेबाज मैच जिताते हैं लेकिन गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट जिताने का काम करते हैं, और इस बार गेंदबाजों की बदौलत ही भारत को यह खिताब मिला।
मोहसिन नकवी पर सवाल पूछे जाने पर सूर्या ने साफ किया कि उन्होंने PCB चीफ को ट्रॉफी लेकर भागते हुए नहीं देखा। उन्होंने कहा कि कोई तो ट्रॉफी लेकर जा रहा था, लेकिन टीम इंडिया वहीं मैदान पर खड़ी थी और आगे क्या हुआ, इसकी जानकारी खिलाड़ियों को नहीं मिल सकी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel