भारत मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के कई हिस्सों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 16 राज्यों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में बहुत घने कोहरे की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत पूरा देश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में एक कदम आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। ठंड और कोहरे के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार, 10 जनवरी को भी देश के बड़े हिस्से को भीषण ठंड और घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही बारिश की संभावना हालात को और गंभीर बना सकती है। IMD ने 10 जनवरी के लिए चार राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
The deep depression over southwest Bay of Bengal moved nearly northwestwards with a speed of 8 kmph during past 6 hours, and lay centred at 2330 hours IST of yesterday, the 9th January, 2026 over the same region, near latitude 8.5°N and longitude 82.2°E, about 100 km… pic.twitter.com/jQuXf4XzY9
— India Meteorological Department (@Indiametdept) January 9, 2026
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को तट से दूर न जाने की सलाह दी गई है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आने की आशंका है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का कहर देखने को मिल सकता है। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी की सुबह राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। अलीगढ़ और मथुरा में ओले गिरने की संभावना है, जबकि कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी की स्थिति बन सकती है।
भारत मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों तक घने कोहरे का असर बना रह सकता है।
घने कोहरे के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में शीतलहर चलने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 10 और 11 जनवरी को शीतलहर की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में 10 जनवरी तथा राजस्थान में 11 से 14 जनवरी के बीच शीतलहर चल सकती है।
इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान शीत दिवस यानी कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। ठंड से बचने के लिए कई जगहों पर लोग रैन बसेरों का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 9 जनवरी की रात 11:30 बजे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव दर्ज किया गया था। यह सिस्टम पिछले छह घंटों में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है। अगले कुछ घंटों में इसके कमजोर पड़ने की संभावना है और इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए शनिवार, 10 जनवरी 2026 को दोपहर के आसपास त्रिंकोमाली और जाफना के बीच उत्तरी श्रीलंका के तट को निम्न दबाव के रूप में पार करने की संभावना है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel