जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में शुक्रवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। खराबास सर्किल के पास एक तेज रफ्तार ऑडी कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे मौजूद लोगों व खाने की ठेलों को रौंदती चली गई। इस भीषण हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑडी कार अत्यधिक गति में थी। डिवाइडर से टकराने के बाद कार पूरी तरह बेकाबू हो गई और करीब 30 मीटर तक सड़क किनारे खड़े दर्जनभर से अधिक ठेलों को टक्कर मारती चली गई। ठेलों के पास बैठे लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल भिजवाया गया। ऑडी कार को जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ऑडी कार दमन और दीव नंबर की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घायलों में से आठ लोगों का इलाज जयपुरिया अस्पताल में किया गया। चार घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल 3 से 4 लोगों का इलाज जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल में जारी है।

इलाज के दौरान रमेश बैरवा नामक व्यक्ति की जयपुरिया अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती घायलों में पारस मोदी, मृदुल लुहार, राकेश, राजेन्द्र खारोल, रमेश बैरवा, दीपक, हेमराज, मोहरी लाल मीणा, रवि जैन, प्रकाश, आशीष, दीवान, राजेश, देशराज और चमन जैन शामिल हैं।
हादसे के समय कार में ड्राइवर सहित चार लोग सवार थे। हादसे के बाद कार सवार दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि दो अन्य को मौके पर मौजूद भीड़ ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम भी पहुंची और फॉरेंसिक जांच के लिए साक्ष्य जुटाए गए।
जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। सभी घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए गए है ।
प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को शांति दें तथा घायलों को शीघ्रातिशीघ्र स्वस्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) January 9, 2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस सड़क हादसे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जयपुर शहर पुलिस और अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री फिलहाल जोधपुर प्रवास पर हैं। उनके निर्देश पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने पहले जयपुरिया अस्पताल और बाद में ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। सूचना मिलते ही विधायक गोपाल शर्मा और सीएमओ के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है, जबकि पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel