दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में 25 वर्षीय महिला बीना की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार (18 मई 2026) की रात करीब 9:55 बजे बीना ने अपनी बहन और भाई को फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट हो रही है और उसे बचाया जाए। उसने यह भी कहा कि ससुराल में उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता है।
कुछ ही मिनटों में आई मौत की खबर
परिवार का कहना है कि बीना के फोन के कुछ ही मिनट बाद ससुराल पक्ष की ओर से सूचना मिली कि वह छत से गिर गई है। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शादी के बाद से दहेज का दबाव
बीना की शादी दिसंबर 2022 में उत्तर प्रदेश के संभल निवासी राजू सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली के इंदरपुरी में रह रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि शादी में नकद, बाइक, टीवी और अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल वाले महंगी बुलेट बाइक और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।
पुलिस कार्रवाई
मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर पति राजू सिंह और उसके भाई राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की जांच में जुटी हुई है।
हाल ही में हुआ था बच्चे का जन्म
परिवार के अनुसार, बीना ने कुछ महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया था, लेकिन इसके बावजूद उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel