कांग्रेस की एक रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर लगाए गए “कब्र खोदने” वाले नारे पर सोमवार को संसद में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और दोनों सदनों में माहौल गर्म रहा।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा में इस नारे का जिक्र करते हुए कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि बहुत ही दुख और उद्वेलित मन से वह इस घटना को सदन के सामने रख रहे हैं। नड्डा के मुताबिक, कांग्रेस की रैली में “मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी” जैसे नारे लगाए गए, जो कांग्रेस पार्टी की सोच और मानसिकता को दर्शाते हैं।
जेपी नड्डा ने कहा कि किसी निर्वाचित प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह के नारे लगाना और उनकी मृत्यु की कामना करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने इसे कांग्रेस नेतृत्व की झुंझलाहट बताया और कहा कि यह व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पूरी तरह खिलाफ है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीति के स्तर को इस हद तक गिरा दिया है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।
कांग्रेस रैली में “मोदी तेरी कबर खुदेगी” वाले बयान पर बीजेपी आक्रामक मोड में।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जेपी नड्डा ने सोनिया गांधी से माफी की मांग की।
जेपी नड्डा: “कांग्रेस रैली में पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी उनकी सोच को दर्शाती है।”#ModiTeriKabrKhudegi… pic.twitter.com/5xjskXMd30
— One India News (@oneindianewscom) December 15, 2025
नड्डा ने कांग्रेस नेतृत्व से इस पूरे मामले पर माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष को प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल किए गए इन शब्दों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इसे “नामदारों की झुंझलाहट” करार देते हुए कांग्रेस की तीखी आलोचना की।
उधर, लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री मोदी की “कब्र खोदने” की बात कही गई, जो देश के लिए बेहद दुखद है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के तमाम बड़े नेता उस रैली में मौजूद थे और इस तरह के नारे लगाए गए।
इस बयानबाजी के बाद संसद में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली और कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। बीजेपी ने इसे राजनीतिक मर्यादाओं के उल्लंघन का मामला बताया, जबकि कांग्रेस की ओर से इस पर सफाई देने की कोशिश की गई।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel