पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। करीब 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार के बाद अब राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने जा रही है। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी शनिवार (9 मई 2026) को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
यह ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है, जो पहली बार किसी राज्य के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण का गवाह बनेगा। समारोह का आयोजन रवीन्द्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती (25 बैशाख) के अवसर पर किया गया है, जिससे इसमें बंगाली संस्कृति और परंपरा की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
VVIP मौजूदगी और भव्य आयोजन
इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी रहेगी। इसके अलावा एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उद्योग जगत से संजय बुधिया और सज्जन भजंका जैसे प्रमुख नामों के साथ टॉलीवुड और सांस्कृतिक जगत की हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इतने बड़े आयोजन को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पूरे मैदान को लगभग 35 सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर की जिम्मेदारी IPS अधिकारियों को सौंपी गई है।
अजय नंदा खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। करीब 40 VVIP मेहमानों के लिए विशेष सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
ड्रोन और ट्रैफिक कंट्रोल
कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की गई है। शहर में VIP मूवमेंट को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा, हालांकि जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है।
राजनीतिक बदलाव का बड़ा संकेत
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में BJP ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि TMC को 81 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस नतीजे के साथ राज्य में लंबे समय से चल रहा TMC शासन समाप्त हो गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel