बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों बड़े विवाद में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ने के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई (FWICE) ने उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम फिल्म निर्माता फरहान अख्तर की शिकायत के बाद उठाया गया।
सोमवार (25 मई 2026) को FWICE ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता, तब तक रणवीर सिंह कोई नई फिल्म साइन नहीं कर पाएंगे और न ही किसी शूटिंग का हिस्सा बन सकेंगे।
₹45 करोड़ मुआवजे की मांग
फिल्म ‘डॉन 3’ के निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह पर फिल्म छोड़ने से पहले हुए प्री-प्रोडक्शन खर्चों के लिए ₹45 करोड़ मुआवजे की मांग की है। FWICE ने इस मांग का समर्थन किया है और रणवीर सिंह को बातचीत के जरिए समाधान निकालने की सलाह दी है।
FWICE का बयान
फेडरेशन का कहना है कि उन्होंने रणवीर सिंह से मामले को सुलझाने के लिए बातचीत की कोशिश की, लेकिन अभिनेता ने इसे ठुकरा दिया और कहा कि इस विवाद के लिए एक ‘उचित मंच’ की आवश्यकता है। हालांकि, FWICE ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे का सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं।
रणवीर सिंह की प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर रणवीर सिंह की ओर से भी बयान जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि वह फिल्म इंडस्ट्री और ‘डॉन 3’ फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं। उन्होंने इस मामले पर चुप्पी बनाए रखने को अपनी पेशेवर और व्यक्तिगत गरिमा का हिस्सा बताया।
रणवीर सिंह ने कहा कि वह इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी नहीं करेंगे और उनका पूरा ध्यान अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर है। साथ ही उन्होंने ‘डॉन 3’ की टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब खबरें आईं कि रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ दी। इसके बाद यह मामला प्रोडक्शन गिल्ड ऑफ इंडिया के पास पहुंचा, जहां निर्माता और अभिनेता के बीच समझौता कराने की कोशिश की गई।
प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट का दावा है कि रणवीर सिंह ने तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था और अचानक फिल्म छोड़ने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel