अयोध्या आज एक बार फिर ऐतिहासिक और आध्यात्मिक उत्सव की साक्षी बनने जा रही है। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ आज श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जा रही है। हिंदी पंचांग के अनुसार आज पौष शुक्ल द्वादशी है। खास बात यह है कि जब प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को हुई थी, तब भी यही तिथि थी। इसी तिथि-संयोग के कारण आज के आयोजन को विशेष महत्व दिया गया है और इस दिन को प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में मनाया जा रहा है।
रामनगरी पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। बीते कई दिनों से अयोध्या में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो चुका था और आज उनकी संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। मंदिरों, सड़कों और प्रमुख चौराहों को फूलों, दीपों और भगवा झंडों से सजाया गया है। हर ओर “जय श्रीराम” के जयघोष गूंज रहे हैं। प्रशासन का अनुमान है कि आज लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच सकते हैं।
#WATCH | Defence Minister Rajnath Singh leaves for Ayodhya to attend the Pratishtha Dwadashi celebrations on the second anniversary of Ram Lalla Pran Pratishtha at Ram Janmbhoomi Temple.
Visuals from Palam Airport in Delhi. pic.twitter.com/TAnlR4cTYD
— ANI (@ANI) December 31, 2025
आज के मुख्य कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। दोनों नेता सुबह करीब 11 बजे राम मंदिर पहुंचकर भगवान राम की आरती करेंगे और इसके बाद अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है।
प्रतिष्ठा द्वादशी से जुड़े पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का आज समापन होगा। यज्ञशाला में तत्वकलश, तत्वहोम और कलशाधिवासहोम जैसे वैदिक कर्मकांड पहले ही संपन्न हो चुके हैं। आज इन अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की जाएगी। वेद मंत्रों के उच्चारण और आहुतियों के साथ यह आयोजन पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देगा।
आज भगवान राम का विशेष महाभिषेक किया जाएगा, जिसमें विविध वनस्पतियों और पंचामृत का उपयोग होगा। इसके बाद भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और राजभोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे महाआरती होगी। राजभोग के दौरान लगभग आधे घंटे तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट बंद रहेंगे। महाभिषेक और महाआरती का सजीव प्रसारण दूरदर्शन और मंदिर परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।
॥ श्रीरामाय नमः ॥
रामो विग्रहवान् धर्मः
पावन श्री अयोध्या धाम में आज प्रभु श्री रामलला के नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद, दो वर्ष पूर्व प्रभु का अपने भव्य धाम में विराजमान होना सदियों के संघर्ष की पूर्णाहुति और राष्ट्र की… pic.twitter.com/24ilygYgvx
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) December 31, 2025
दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह का औपचारिक अनावरण किया जाएगा। इसके बाद अंगद टीला परिसर में बने रामकथा पंडाल में एक बड़ी सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें संत, धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे। सभा के कारण आज रामकथा का समय सामान्य ढाई बजे की जगह साढ़े तीन बजे निर्धारित किया गया है।
प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव के अंतर्गत परकोटे में निर्मित छह मंदिरों में से एक मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। यह ध्वजारोहण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा डोरी के सहारे किया जाएगा। तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार परकोटे के मंदिरों की ऊंचाई कम होने के कारण यहां परंपरागत विधि से ध्वज फहराया जाएगा। प्रोटोकॉल के तहत सेना की एक टुकड़ी भी मौके पर मौजूद रहेगी।
आज के भव्य आयोजन को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पूरे क्षेत्र को पांच जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है, जहां मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात हैं। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए भी सुरक्षा पर नजर रखी जा रही है।
मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। पेयजल, चिकित्सा सहायता, सूचना केंद्र और विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग मार्ग और विशेष सहायता दल तैनात किए गए हैं। स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुगम ढंग से दर्शन कर सकें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel