एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को उसके विशाल स्टारशिप रॉकेट की 11वीं टेस्ट उड़ान सफल रही। इसने पिछली बार की तरह ही दुनिया के आधे हिस्से का सफलतापूर्वक चक्कर लगाया। बता दें कि स्टारशिप अब तक का सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली रॉकेट माना जा रहा है। इस रॉकेट ने टेक्सास के दक्षिणी सिरे से आकाश में गर्जना के साथ उड़ान भरी। इसके कुछ ही देर बाद बूस्टर रॉकेट अलग हो गया और प्लान के मुताबिक मेक्सिको की खाड़ी में नियंत्रित रूप से दाखिल हुआ। वहीं, मुख्य रॉकेट ने अंतरिक्ष में घूमते हुए अपने सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया और लगभग एक घंटे की उड़ान के बाद हिंद महासागर में सुरक्षित स्प्लैशडाउन किया।
Splashdown confirmed! Congratulations to the entire SpaceX team on an exciting eleventh flight test of Starship! pic.twitter.com/llcIvNZFfg
— SpaceX (@SpaceX) October 14, 2025
मिशन के दौरान, टेक्सास के स्टारबेस सेंटर से लॉन्च हुए सुपर हैवी बूस्टर ने उड़ान के 10 मिनट बाद ही मेक्सिको की खाड़ी में सुरक्षित लैंडिंग की। वहीं, स्टारशिप ने अंतरिक्ष में पहुंचकर डमी स्टारलिंक सैटेलाइट्स छोड़े और इंजन को दोबारा चालू करने का सफल परीक्षण किया, जो भविष्य में चंद्रमा और मंगल मिशनों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। कंपनी ने बताया कि इस मिशन से मिले आंकड़े (डेटा) अगले स्टारशिप मॉडल को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे।
स्पेसएक्स के प्रवक्ता डैन ह्यूट ने मिशन की सफलता पर कर्मचारियों के बीच उत्साह भरे शब्दों में कहा, “अरे, पृथ्वी पर वापसी पर स्वागत है, स्टारशिप! क्या दिन था!” यह फुल-स्केल स्टारशिप की 11वीं टेस्ट फ्लाइट थी। स्पेसएक्स के संस्थापक और सीईओ एलन मस्क का लक्ष्य इस रॉकेट का इस्तेमाल मंगल ग्रह पर इंसानों को भेजने के लिए करना है। नासा को भी इस रॉकेट की जल्द जरूरत है, क्योंकि स्पेसएक्स के बिना दशक के अंत तक अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारना संभव नहीं होगा।
कंपनी अब अगले चरण की ओर बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स स्टारशिप वर्जन-3 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो पहले से कहीं ज्यादा शक्तिशाली और उन्नत होगा। वर्जन 3 की ऊंचाई लगभग 408 फीट (124.4 मीटर) होगी, जबकि भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा वर्जन 4 और भी बड़ा होगा। एलन मस्क ने मई 2025 के एक प्रेजेंटेशन में इस 466 फीट (142 मीटर) ऊंची “फ्यूचर स्टारशिप” का खुलासा किया था। उम्मीद है कि यह वर्जन-4 साल 2027 में लॉन्च किया जाएगा, जो स्पेसएक्स के मंगल मिशन की दिशा में एक और बड़ा कदम साबित होगा।