रविवार देर रात थलपति विजय के चेन्नई लौटने पर एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मलेशिया से लौटे अभिनेता और राजनेता विजय की एक झलक पाने के लिए फैंस की दीवानगी चरम पर नजर आई। एयरपोर्ट परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश के दौरान पुलिस ने जैसे-तैसे थलपति विजय को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी बीच हजारों फैंस के बीच विजय अपना संतुलन खो बैठे और फिसलकर जमीन पर गिर पड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
दरअसल, तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के अध्यक्ष और लोकप्रिय अभिनेता विजय मलेशिया में आयोजित अपनी फिल्म ‘जन नायकन’ के ऑडियो लॉन्च इवेंट में शामिल होने के बाद रविवार रात चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे थे। जैसे ही वे एयरपोर्ट से बाहर निकलने की ओर बढ़े, बड़ी संख्या में मौजूद फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए आगे बढ़ आए। अचानक भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए उनकी गाड़ी के पास हंगामा मच गया।
इसी अफरातफरी के दौरान विजय का संतुलन बिगड़ गया और वे अपनी कार तक पहुंचने से ठीक पहले जमीन पर गिर पड़े। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली, उन्हें सहारा देकर उठाया और सुरक्षित तरीके से गाड़ी तक पहुंचाया। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में खत्म हो गई और हालात जल्द ही नियंत्रण में आ गए।
अभिनेता थलपति विजय रविवार को मलेशिया से चेन्नई लौटे।
उस समय फैंस ने एयरपोर्ट पर भारी भीड़ लगाई थी।
भीड़ में हुई धक्कामुक्की के कारण विजय का संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े।#ThalapathyVijay #VijayAirport #VijayFans #Thalapathy #ChennaiAirport
[ Vijay, airport, crowd, push,… pic.twitter.com/nnCa26N02V
— One India News (@oneindianewscom) December 29, 2025
बताया जा रहा है कि विजय पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। यह घटना उस वक्त हुई, जब वे कुआलालंपुर से लौटे थे। कुछ टीवी रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया कि एयरपोर्ट परिसर के अंदर विजय के काफिले की एक गाड़ी को हल्की दुर्घटना का सामना करना पड़ा, हालांकि इस संबंध में अब तक प्रशासन या अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इससे पहले 27 दिसंबर को विजय ने कुआलालंपुर के बुकिट जलील स्टेडियम में आयोजित ‘जन नायकन’ के भव्य ऑडियो लॉन्च इवेंट में विशाल जनसभा को संबोधित किया था। इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोगों की मौजूदगी बताई गई, जिसके बाद मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने इसे मलेशिया में किसी ऑडियो लॉन्च इवेंट में सबसे ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी का रिकॉर्ड घोषित किया।
इसी मंच से विजय ने अपने भविष्य को लेकर एक अहम ऐलान भी किया। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वे सार्वजनिक जीवन और राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सिनेमा से दूरी बनाने का फैसला कर चुके हैं। अपने भावुक भाषण में विजय ने कहा कि जब उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, तब उन्हें लगा था कि वे रेत का एक छोटा सा घर बना रहे हैं, लेकिन दर्शकों ने उनके लिए एक महल और किला खड़ा कर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि अपने चाहने वालों के प्यार, सम्मान और समर्थन के लिए वे खुद सिनेमा को अलविदा कह रहे हैं। एयरपोर्ट पर हुई यह घटना भले ही कुछ पलों की रही हो, लेकिन इसने एक बार फिर साबित कर दिया कि थलपति विजय के लिए उनके फैंस की दीवानगी किस हद तक जा सकती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel