मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 31 दिसंबर की नाइट और नव वर्ष को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग पर लगाम लगाने के लिए शहरभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत तमाम सार्वजनिक जगहों पर पुलिस को सतर्क रहने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी कड़ी में वाहनों की भी सघन जांच की जा रही है। खास बात यह है कि वाहनों की चेकिंग की कमान खुद आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल संभाल रही हैं। वे सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीधी कार्रवाई कर रही हैं। इस दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे रसूख दिखाने वाले एक युवक को सख्त लहजे में जवाब देती नजर आ रही हैं।
दरअसल, ग्वालियर में चेकिंग के दौरान आईपीएस अनु बेनीवाल शहर के सभी ट्रैफिक थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ सड़क पर मौजूद थीं। इस दौरान ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों, तेज आवाज वाले हॉर्न और पटाखे या गोली जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट बाइकों को रोककर उन पर कार्रवाई की गई। कंपू थाना क्षेत्र के शीतला शाह चौराहे पर एक कार को रोका गया, जिस पर पूरी तरह ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।
“भले ही आपके चाचा राष्ट्रपति ही क्यों न हों, चालान तो कटेगा ही।”
ग्वालियर ASP अनु बेनीवाल#AnuBeniwal #GwaliorPolice #TrafficChallan #LawIsEqual #NoNepotism
[ Challan, Law, Equality, Nepotism, Police ] pic.twitter.com/VXh5uzoTGw
— One India News (@oneindianewscom) December 29, 2025
जांच के दौरान कार के अंदर एक भारी भरकम डंडा भी मिला। जब आईपीएस अनु बेनीवाल ने वाहन पर चालानी कार्रवाई करने की बात कही, तो कार चला रहा युवक खुद को भाजपा नेता का रिश्तेदार बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने लगा और चालान न काटने की सिफारिश करने लगा।
इस पर आईपीएस अनु बेनीवाल ने दो टूक जवाब देते हुए कहा, “तुम्हारे फूफा चाहे प्रेसिडेंट ही क्यों न हों, चालान तो होगा ही।” उनका यह सख्त और बेबाक जवाब वहां मौजूद लोगों ने वीडियो में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग आईपीएस अधिकारी की स्पष्टवादिता और कानून के प्रति सख्ती की जमकर सराहना कर रहे हैं।
इसके बाद पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर युवक की कार का चालान किया और कार में रखा डंडा भी जब्त कर लिया। युवक कुछ देर तक रिश्तेदारों की दुहाई देता रहा, लेकिन अंततः चालान भरकर वहां से चला गया।
पुलिस की इस सख्ती के दौरान पूरे शहर में लगभग 172 से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियों के चालान काटे गए और करीब 86 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों में हड़कंप का माहौल है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी आईपीएस अनु बेनीवाल हेलमेट न पहनकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर चुकी हैं, जिनमें पुलिस विभाग के कर्मी भी शामिल थे। वर्तमान में वे एडिशनल एसपी ट्रैफिक का चार्ज संभाल रही हैं और नियमों को लेकर बेहद सख्त मानी जाती हैं। इसी कारण उन्हें शहर में “दबंग लेडी” के नाम से भी जाना जाता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel