उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को कथित रूप से ईसाई धर्म अपनाने के लिए लालच देने और दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान मुरादाबाद निवासी अनोखेलाल के रूप में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनोखेलाल पीलीभीत के जोगराजपुर गांव पहुंचा और एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर ईसाई धर्म का प्रचार शुरू किया। दुकान मालिक गौरव गुप्ता और स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह लोगों को सरकारी नौकरी और सुंदर लड़की से शादी का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था।
जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूछताछ में खुलासे:
पुलिस हिरासत में आरोपी ने दावा किया कि वह पिछले 20 वर्षों से ईसाई धर्म का प्रचार कर रहा है। उसने बताया कि पहले वह एक “दुष्ट आत्मा” से परेशान था, जो उसे आत्महत्या के लिए उकसाती थी। बाद में दिल्ली में एक व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद उसने बाइबिल पढ़ी और धर्म परिवर्तन कर लिया।
आरोपी ने यह भी दावा किया कि यीशु मसीह की कृपा से उसे उस परेशानी से मुक्ति मिली, जिसके बाद वह गांव-गांव जाकर प्रचार करने लगा।
फंडिंग की जांच जारी:
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2006 से इस गतिविधि में शामिल है। उसकी पत्नी और बच्चे उससे अलग रहते हैं। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि उसे इस काम के लिए फंडिंग कहां से मिल रही थी और क्या वह किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel