कोलकाता में मेट्रो की ऑरेंज लाइन के चिंगरीघाटा सेक्शन को लेकर लंबे समय से जारी विवाद और निर्माण ठहराव अब खत्म होने की दिशा में है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार (15 मई 2026) को घोषणा की कि 366 मीटर लंबे इस महत्वपूर्ण हिस्से पर रुका हुआ निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है।
यह सेक्शन न्यू गरिया से एयरपोर्ट तक बनने वाली ऑरेंज लाइन मेट्रो परियोजना का अहम हिस्सा है, जो कई वर्षों से प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं के कारण रुका हुआ था।
क्यों रुका था काम?
इस परियोजना के ठहराव की मुख्य वजह ट्रैफिक प्रबंधन, राज्य सरकार और मेट्रो प्रशासन के बीच समन्वय की कमी तथा कानूनी अड़चनें थीं। चिंगरीघाटा क्षेत्र ईएम बाइपास जैसे व्यस्त मार्ग पर स्थित है, जहां निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर ट्रैफिक डायवर्जन की आवश्यकता थी, जिस पर सहमति नहीं बन पा रही थी।
कानूनी विवाद
पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने निर्देश दिया था कि इस सेक्शन का काम 15 फरवरी 2026 तक पूरा किया जाए, लेकिन राज्य सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को आपसी बातचीत से समाधान निकालने के निर्देश दिए।
अब काम फिर शुरू
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि अब सभी जरूरी मंजूरियां मिल चुकी हैं, जिसमें कोलकाता पुलिस की अनुमति भी शामिल है।
পশ্চিমবঙ্গে সরকার পরিবর্তন হয়েছে।
ডাবল ইঞ্জিন সরকার এসেছে।
তিন বছর ধরে আটকে থাকা চিংড়িঘাটার সমস্যার সমাধান হয়েছে। কলকাতা পুলিশেরও অনুমতি পাওয়া গেছে। এবার কাজ শুরু হচ্ছে। pic.twitter.com/5CSz5z4np6
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) May 15, 2026
चिंगरीघाटा में दो प्रमुख गर्डर पिलर 317, 318 और 319 के बीच स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए रात के समय सड़क पर ट्रैफिक ब्लॉक लागू किया जाएगा। कोलकाता पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और आंशिक सड़क बंदी की घोषणा कर दी है।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य शुक्रवार रात 8 बजे से शुरू किया जाएगा। अगर काम समय पर पूरा होता है, तो दिसंबर 2026 तक इस सेक्शन में मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
क्या होगा फायदा?
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से कोलकाता के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम मेट्रो सुविधा मिलेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel