जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को सेना ने मार गिराया। सेना ने जानकारी दी कि पहलगाम हमले के बाद से ही सीमा और संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है और आतंकियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
खुफिया जानकारी पर शुरू हुआ ऑपरेशन
सेना की चिनार कोर ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से संभावित घुसपैठ की सूचना मिली थी। इसी आधार पर सेना और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान गुरेज सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि देखी गई। जवानों ने घुसपैठियों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी मारे गए।
आतंकियों ने चलाई अंधाधुंध गोलियां
सेना ने कहा कि घुसपैठियों ने पहले अंधाधुंध फायरिंग की थी, लेकिन सतर्क जवानों ने जवाबी कार्रवाई में उन्हें ढेर कर दिया। फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि और कोई घुसपैठ न हुई हो। सुरक्षा बलों ने बताया कि इस सेक्टर में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है और हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है।
कुपवाड़ा से मिला हथियारों का जखीरा
इससे पहले कुपवाड़ा जिले में तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया गया था। इसमें 22 ग्रेनेड, एक अंडर-बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, 15 एके-47 राउंड और करीब आधा किलो संदिग्ध विस्फोटक पाउडर शामिल था। अधिकारियों के मुताबिक, इससे एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया गया।
फिलहाल, गुरेज और कुपवाड़ा दोनों इलाकों में संयुक्त सुरक्षा अभियान जारी है और सेना ने साफ किया है कि घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम कर दिया जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel