मुंबई में गणेशोत्सव का सबसे बड़ा दिन—अनंत चतुर्दशी—आ गया है। यह दिन भक्तों के लिए भावनाओं से भरा होता है, वहीं पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती भी। लाखों लोग सड़कों पर उतरकर बप्पा को विदा करेंगे, जिसके कारण ट्रैफिक और सुरक्षा दोनों ही अहम मुद्दे बन जाते हैं। इस बार मुंबई पुलिस ने पहले से कहीं ज्यादा सख्त और संगठित तैयारी की है ताकि विसर्जन सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए तगड़ा बंदोबस्त
जॉइंट कमिश्नर ट्रैफिक अनिल कुंभार के अनुसार, विसर्जन के दिन 2,826 ट्रैफिक पुलिसकर्मी शहर की सड़कों पर तैनात रहेंगे। उनके साथ 4 डीसीपी, 8 एसीपी, 60 पीआई और 179 एपीआई-पीएसआई भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स के 275 जवान और अनिरुद्धा बापू की एनजीओ के 340 स्वयंसेवक भी मदद करेंगे। 12 रोड ओवरब्रिज की खराब हालत को देखते हुए वहाँ भारी गाड़ियों पर रोक लगाई गई है और 52 वॉच टावर से ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी। किसी वाहन के बीच रास्ते में खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए 54 क्रेन तैनात की गई हैं।

तकनीक का सहारा
ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए इस बार आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया गया है। 10,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे और 50 से अधिक ड्रोन शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों पर निगरानी रखेंगे। एआई कंट्रोल सिस्टम की मदद से भीड़ और ट्रैफिक की स्थिति का रीयल-टाइम अपडेट लिया जाएगा और तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा 400 पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त पर रहेंगे ताकि कहीं भी रुकावट न हो।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गणपति विसर्जन के दिन न सिर्फ ट्रैफिक बल्कि सुरक्षा भी बड़ी चिंता रहती है। इस बार 6,600 से अधिक सार्वजनिक गणेश पंडालों और करीब डेढ़ लाख घरगुती गणपति का विसर्जन होना है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 18,000 पुलिसकर्मी, 3,000 अधिकारी, 40 डीसीपी और 12 एडिशनल कमिश्नर की तैनाती की गई है। SRPF की 14 कंपनियां, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की 4 कंपनियां और CRPF की एक महिला कंपनी भी ड्यूटी पर रहेगी। इसके अलावा BDDS टीम, क्विक रिस्पॉन्स टीम और एंटी-ड्रोन यूनिट्स भी तैनात की गई हैं।

समुद्र तटों पर सुरक्षा
विसर्जन स्थलों पर 538 लाइफगार्ड तैनात किए गए हैं ताकि समुद्र तटों पर कोई हादसा न हो। गिरगांव चौपाटी, जुहू बीच, दादर, वर्सोवा, मार्वे और पवई झील जैसे प्रमुख स्थलों पर विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं।
पुलिस की प्रतिबद्धता
जॉइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर सत्यनारायण चौधरी ने कहा है कि विसर्जन का दिन बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन मुंबई पुलिस ने हर स्तर पर मजबूत तैयारी की है। उनका दावा है कि सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के संयुक्त प्रयासों से इस बार का गणपति विसर्जन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।
मुंबई का गणेशोत्सव सिर्फ धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि शहर की पहचान है। बप्पा की विदाई का यह आयोजन जितना भावनात्मक है, उतना ही प्रशासन और तकनीक की साझेदारी का उदाहरण भी है। हजारों पुलिसकर्मी, एआई निगरानी, ड्रोन और सीसीटीवी की चौकस नजरों के बीच भक्त निश्चिंत होकर अपने प्रिय बप्पा को विदा कर सकेंगे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel