पंजाब के गुरदासपुर जिले में स्थित आदियां पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस सनसनीखेज डबल मर्डर केस में मुख्य आरोपी रणजीत सिंह बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, जबकि एक अन्य आरोपी दिलावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी इंद्रजीत सिंह की तलाश जारी है और उसे पकड़ने के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित आदियां पुलिस चौकी में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी मृत पाए गए थे। मृतकों की पहचान होमगार्ड जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह के रूप में हुई थी।
दोनों के शव पुलिस चौकी के अंदर एक कमरे में मिले थे, जहां वे ड्यूटी पर तैनात थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों को गोली मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस की कार्रवाई तेज
इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए तीन आरोपियों की पहचान की। इनमें गांव आदियां के दो युवक रणजीत सिंह और इंद्रजीत सिंह शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी दिलावर सिंह गांव आलिनंगल का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने दिलावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी रणजीत सिंह बुधवार सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया।
सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
एसएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel