गुजरात के पाटन जिले के शामी-हारीज हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार ईको कार और मिनी ट्रक (पिकअप) के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भयानक था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की पूरी घटना पास के एक निजी होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और टक्कर बेहद जोरदार थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज इस मामले में अहम सबूत साबित हो रही है। इसके आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार था और क्या किसी वाहन की रफ्तार तय सीमा से अधिक थी।
इस दुर्घटना के बाद शामी-हारीज हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार से बचें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel